हरियाणा में 100 से ज्यादा रसोई खोलेगी सरकार, 10 रुपये में मिलेगा भरपेट भोजन

चंडीगढ़। हरियाणा में विभिन्न विभागों द्वारा 50 स्थानों पर चलाई जा रही कम्युनिटी किचन गरीबों व जरूरतमंद व्यक्तियों के लिए वरदान साबित हो रही हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा कोविड-19 महामारी के दौरान गरीबों के लिए करनाल से अटल किसान-मजदूर कैंटीन की शुरुआत की गई थी। अब सरकार ने राज्य में लगभग 100 से अधिक और स्थानों पर इस प्रकार के किचन खोलने की योजना बनाई है। इन किचन के माध्यम से लोगों को किफायती दर पर भरपेट भोजन मिल रहा है। यह जानकारी मुख्य सचिव संजीव कौशल की अध्यक्षता में राज्य में चलाई जा रही कम्युनिटी किचन के संबंध में हुई बैठक में दी गई।
बैठक में बताया गया कि श्रम विभाग द्वारा वर्तमान में 9 स्थानों पर इस प्रकार की कैंटीन चलाई जा रही है, जहां श्रमिकों को मात्र 10 रुपये में पौष्टिक भोजन मिल रहा है। अब विभाग द्वारा और 100 स्थानों पर इन कैंटीन को खोलने का निर्णय लिया गया है। आगामी 3 माह में लगभग 50 ऐसी कैंटीन की शुरुआत होने का अनुमान है। इसी प्रकार, हरियाणा कृषि विपणन बोर्ड द्वारा किसानों व मजदूरों को किफायती भोजन उपलब्ध करवाने के लिए लगभग 23 स्थानों पर अटल किसान-मजदूर कैंटीन चलाई जा रही है, जहां किसानों और मजदूरों को मात्र 10 रुपए में भरपेट भोजन मिल रहा है।
इन कैंटीन की सफलता और लोगों की आवश्यकतानुसार बोर्ड द्वारा और 25 स्थानों पर इन कैंटीन का विस्तार किया जाएगा, जो आगामी 6 माह में शुरू हो जाएंगी। इसके अलावा, शहरी स्थानीय निकाय विभाग द्वारा भी 3 किफायती कैंटीन चलाई जा रही हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 14 नागरिक अस्पतालों में विभिन्न एनजीओ की सहायता से मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए मुफ्त भोजन दिया जा रहा है। इसके अलावा, 6 और जिलों में भी अस्पतालों में इस प्रकार मुफ्त भोजन मुहैया करवाने की मंजूरी मिल गई है और जल्द ही इन अस्पतालों मं भी मरीजों व उनके परिजनों को मुफ्त भोजन मिलेगा।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS