हरियाणा में पशुपालन, शुकर और मत्स्य पालन की 25 हजार इकाइयां की जाएंगी स्थापित : राज्यपाल

भिवानी : मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान कार्यक्रम के दौरान हरियाणा प्रदेश में 2022-23 के दौरान पशुपालन, शुकर पालन, मत्स्य पालन की 25 हजार इकाइयां स्थापित की जाएंगी, जिससे हजारों व्यक्तियों को रोजगार मुहैया होगा। यह बात हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने भिवानी में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय पशुधन प्रदर्शनी उद्घाटन समारोह में अपने संबोधन में कही। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पशुधन क्रेडिट कार्ड व किसान क्रेडिट कार्ड में अब तक 924 करोड़ की राशि वितरित कर दी है।
केंद्र व प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अगुवाई में किसानों की उन्नति व खुशहाली के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जय हिंद, जय किसान और जय हरियाणा के उद्घोष से कहा कि देश की अर्थव्यवस्था में कृषि क्षेत्र का महत्वपूर्ण योगदान है। कोविड-19 के समय जब पूरा देश लॉकडाउन का सामना कर रहा था, किसानों ने महामारी के समय भी अपना काम कभी बंद नहीं किया और पशुपालन व खेती का काम अनवरत जारी रखा। जिसकी बदौलत आज हमारा प्रदेश और देश खाद्यान्न की दृष्टि से आत्मनिर्भर है। बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि हरियाणा के मेहनती किसानों ने अपने इलाके का मान कृषि, खेल, उद्योग, शिक्षा आदि हर क्षेत्र में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया है। हमारे किसान ''देसां में देस हरियाणा जित दूध दही का खाना'' कहावत को चरितार्थ कर रहे हैं।
उन्होंने कहा हरियाणा देश का पहला राज्य है जो कि 14 फसलों का समर्थन मूल्य किसानों को दे रहा है। इसके अलावा प्रदेश में किसानों की भलाई के लिए भाव भावांतर भरपाई स्कीम, मेरा पानी-मेरी विरासत योजना को भी कृषि हित में चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भू-जलस्तर में सुधार के लिए किसानों को सिंचाई की नई तकनीकों का प्रयोग करना होगा। राज्यपाल ने कहा कि प्रदेश में 1142 ग्राम प्रति व्यक्ति के हिसाब से दूध का उत्पादन हो रहा है। पंजाब के बाद हरियाणा सबसे अधिक दूध का उत्पादन करता है। वह दिन दूर नहीं, जब विकासशील व वैज्ञानिक सोच के साथ प्रदेश को दूध उत्पादन में पहले स्थान पर लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि दुधारू पशुओं की नस्ल को और बेहतर बनाने के लिए कृषि एवं पशुपालन विभाग की ओर से प्रदेश स्तर पर यह शानदार आयोजन किया गया है।
कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि प्रदर्शनी में पशुओं की उत्तम नस्ल प्रदर्शित की गई है, मनोरंजन के लिए प्रदेश के सुप्रसिद्ध कलाकारों को बुलाया गया है और किसानों को नवीनतम जानकारी देने के लिए प्रदर्शनी लगाई गई है। प्रदर्शन के दौरान लाखों रुपये के पुरस्कार दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में एक लाख से अधिक किसान भाग लेंगे। उन्होंने भिवानी आगमन पर महामहिम राज्यपाल का आभार व्यक्त किया। कृषि मंत्री ने स्मृति चिन्ह व शॉल ओढ़ाकर राज्यपाल को सम्मानित किया।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS