अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का भव्य शुभारंभ : मंत्रोच्चारण के बीच CM ने किया सरस मेले का उद्घाटन, 6 दिसंबर तक होंगे कार्यक्रम

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शनिवार को मंत्रोच्चारण के बीच कुरुक्षेत्र में सरस मेले के उद्घाटन के साथ अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि यह हम सभी के लिए ऐतिहासिक अवसर है। आज से पहले सरस मेले की इतनी सुंदर और भव्य शुरूआत कभी नहीं हुई। ढोल-नंगाड़ों, शिल्पकारों और कलाकारों के अद्भुत संगम के बीच हरियाणा के मुख्यमंत्री ने स्वयं कलाकारों और शिल्पकारों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सर्वप्रथम विधिवत रूप से सरस मेले का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता की प्रति पर पुष्प अर्पित किए और दीप प्रज्जवलित कर अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आगाज किया। इसके पश्चात ब्रह्मसरोवर के तट पर बनी दुकानों में लगे सरस मेले का अवलोकन किया।
देश और विदेशों से पहुंचेंगे लोग
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश और विदेश से लोग अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में पहुंचेंगे। कोरोना के बाद रोनक लौटी है। इस बार भी लाखों की संख्या में लोग पहुंचेंगे। इसके साथ-साथ विभिन्न प्रांतों से कलाकार, शिल्पकार, कारीगर व सामान बेचने वाले स्वयं सहायता समूह महोत्सव में पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार हरियाणा के हैंडीक्राफ्ट बनाने वालों के लिए अलग स्टॉल की व्यवस्था की गई है, जो विदेशी सैलानियो को आकर्षित करती है। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलता है और लोगों को हमारी संस्कृति जानने का अवसर भी मिलता है। महोत्सव देखने के लिए 25 देशों से विदेशी सैलानियों के आने की उम्मीद है।
बसों में लगेगा 50 प्रतिशत किराया
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के चलते 19 नवंबर से 6 दिसंबर तक कुरुक्षेत्र जाने के लिए 10 जिलों के यात्रियों को राज्य परिवहन की बसों के किराए में 50 प्रतिशत छूट मिलेगी। कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, जींद, कैथल, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, सोनीपत और रोहतक जिले के यात्रियों को कुरुक्षेत्र पहुंचने पर बस किराये में छूट प्रदान की गई है।
29 नवंबर को होगा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आगमन
29 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव के मुख्य कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा। इसके लिए भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पहुंच रही हैं। सीएम ने कहा कि राष्ट्रपति से प्रदेश की कई परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करवाया जाएगा। गीता महोत्सव में मुख्य कार्यक्रम 29 नवंबर से 4 दिसंबर तक चलेंगे। सरस मेला 6 दिसंबर को खत्म होगा।
सरस मेले में लगी 600 से अधिक दुकानें
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में सरस मेले की छटा देखने से बन रही है। यहां पर 600 से अधिक दुकानें लगाई गई हैं। इनमें 250 शिल्पकार, 100 से ज्यादा सहायता समूह व अन्य दुकानें लगाई गई हैं। शिल्प मेले में कश्मीर से कन्याकुमारी तथा गुजरात से लेकर असम तक के शिलपकारों की शिल्प कला देखने को मिलेगी। इस महोत्सव में हमें लघु भारत की झलक देखने को मिलेगी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS