शराब के नशे में दूल्हे और बारातियों ने किया झगड़ा, नाराज दुल्हन ने दूसरे से कर ली शादी

हरिभूमि न्यूज : महेंद्रगढ़
हरियाणा के महेंद्रगढ़ शहर में पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास गुरूवार को दो लड़कियों की शादी थी। एक लड़के पक्ष के बारातियों ने ढुकाव के समय डीजे पर नाचने को लेकर हंगामा खड़ा कर दिया और वहां लड़की पक्ष के लोगों को पुलिस बुलानी पड़ी। दुल्हन के परिजनों व दुल्हन ने दूल्हे के साथ शादी करने से मना कर दिया। लड़की पक्ष का आरोप है कि सभी बाराती शराब के नशे की हालात में महिलाओं से छेड़छाड़ कर रहे थे और दूल्हा भी शराब के नशे में लड़ाई-झगड़ा कर रहा था। इसके बाद सभी बाराती व दूल्हा बिन बहू लिए वहां से अपने गांव रवाना हो गए। हालांकि आनन-फानन में दुल्हन पक्ष के लोगों ने अपनी लड़की की शादी रोहतक में तय कर दी, जो शुक्रवार शाम को हो भी गई।
बता दें कि महेंद्रगढ़ शहर के पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास रहने वाले सुरेश कुमार की दोनों लड़की मंजू व अंजू की शादी गुरुवार को तय थी। बड़ी लड़की मंजू की शादी गांव भालोठ जिला रोहतक निवासी के साथ तय कार्यक्रम केे अनुसार हो गई। उसकी छोटी लड़की अंजू की शादी गांव भापडोली सांपला निवासी जोगेंद्र के साथ तय थी। गांव भापडोली की बारात शहर के रोहिल्ला धर्मशाला में रूकी और ढुकाव के समय सभी बाराती नशे की हालत में थे। डीजे बजने को लेकर इनका रात्रि के करीब एक बजे आपस में झगड़ा हो गया। झगड़े की सूचना लड़की पक्ष के लोगों ने डायल-112 नंबर को दी। मौके पर पहुंची डायल-112 नंबर की गाड़ी ने झगड़े को शांत करवाया, फिर पुलिस वहां से चली गई। इसके बाद रात्रि के तीन बजे डीजे को लेकर इनका फिर से झगड़ा हो गया। आरोप है कि इस दौरान दूल्हा भी नशे की हालत में था और दूल्हे ने दुल्हन पक्ष के परिजनों के साथ भी हाथापाई की।
इसकी सूचना फिर परिजनों ने डायल-112 नंबर को दी। दोबारा आई गाड़ी ने झगड़े को फिर शांत करवाया। इसी से ऐतराज होकर दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हे को अपनी लड़की देने से इंकार कर दिया। दुल्हन के परिजनों का कहना था कि आज नई-नई शादी में ही दूल्हा हमारे साथ हाथापाई कर रहा है। बाद में तो वह हमारी लड़की का भविष्य ही खराब कर देगा। शुक्रवार को दोनों पक्षों का सामाजिक तौर पर समझौता भी हो गया और कहा कि दोनों तरफ से जो भी सामान लिया और दिया गया है, वह वापिस कर दिया जाए। हालांकि शुक्रवार को ही आनन-फानन में इस दुल्हन का रिश्ता रोहतक निवासी एक युवक के साथ कर दिया गया और उसी दिन शादी भी हो गई।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS