Gurugram : मामूली से विवाद में सिक्योरिटी गार्ड की गोली मारकर हत्या

Gurugram : मामूली से विवाद में सिक्योरिटी गार्ड की गोली मारकर हत्या
X
  • महिला ने पड़ोसी पर लगाया साड़ी चोरी का आरोप, पति ने मारी गोली
  • अस्पताल में तोड़ा दम, डीएलएफ फेज-3 थाना पुलिस ने दर्ज किया केस

Gurugram : मामूली विवाद में एक सिक्योरिटी गार्ड की गोली मारकर हत्या कर दी गई। एक महिला ने पड़ोसी पर साड़ी चोरी करने का आरोप लगा दिया, जिसके बाद महिला के पति ने पड़ोसी को गोली मार दी। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। वारदात में घायल को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही डीएलएफ फेज-3 थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। मामले में पुलिस ने आरोपी सहित उसकी पत्नी को हिरासत में ले लिया है। वहीं, मामले में अभी पुलिस कुछ भी बोलने से बच रही है।

दरअसल, बिहार मूल का 29 वर्षीय पिंटू एक सिक्योरिटी कंपनी में बतौर सिक्योरिटी गार्ड तैनात था और नाथुपुर के नया मौहल्ला एरिया में करीब आठ साल से किराए पर रह रहा था। उसके कमरे में उसका दोस्त अशोक भी रह रहा था। उनके पड़ोस के कमरे में रहने वाला अजय भी एक पेट्रोल पंप पर सिक्योरिटी गार्ड है। मंगलवार सुबह अजय की पत्नी ने पिंटू पर साड़ी चोरी करने का आरोप लगाया और झगड़ा करने लगी। सुबह पिंटू ने महिला को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मानी जिसके बाद पिंटू अपनी ड्यूटी पर चला गया। वापस लौटा तो महिला का पति अजय भी अपनी ड्यूटी से आ चुका था। यह बात जब महिला ने अजय को बताई तो वह पिंटू से झगड़ा करने लगा। आरोप है कि इस दौरान अजय ने पहले तो गाली गलौज की। झगड़ा होता देख लोग आ गए, जिन्होंने दोनों को अलग किया, लेकिन अजय तैश में आ गया और अपने कमरे से हथियार ले आया व पिंटू को गोली मार दी।

पिंटू के रूम पार्टनर अशोक दूबे की मानें तो जिस वक्त यह घटना हुई, उस वक्त वह कमरे में खाना बना रहा था। झगड़े में बीच बचाव के लिए कुछ लोग आए, जिन्होंने पिंटू को जकड़ लिया था जबकि अजय को हथियार लाने और हथियार चलाने से किसी ने नहीं रोका जिसके कारण यह घटना हुई। मामले में जब पुलिस मौके पर पहुंची तो घायल पिंटू को लोगों की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। लोगों की मानें तो पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर अजय के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है, लेकिन इस मामले में पुलिस कुछ भी बोलने से बच रही है।

यह भी पढ़ें - Kaithal : नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को 20 साल कैद, लगाया 45 हजार जुर्माना

Tags

Next Story