हांसी के भाजपा विधायक विनोद भयाना ने किसानों से मांगी माफी, पढ़ें क्या था मामला

हरिभूमि न्यूज : हांसी ( हिसार )
गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय में बीते दिन कार्यक्रम से निकलते समय विधायक विनोद भयाना के साथ गाड़ी में बैठे एक नेता द्वारा प्रदर्शन के दौरान महिलाओं को अश्लील इशारा करने के मामले में किसानों ने रविवार को विधायक भयाना के आवास पर जमकर प्रदर्शन किया। दोपहर 12 बजे से लेकर सांय 4 बजे तक चले प्रदर्शन के दौरान सैकड़ों पुलिस बल की तैनाती की गई थी। डीएसपी विनोद शंकर, ड्यूटी मजिस्टे्रट कम नायब तहसीलदार जगबीर सिंह, शहर थाना प्रभारी विकास कुमार व नारनौंद थाना प्रभारी उमेद सिंह, सीआईए वन इंचार्ज दलबीर सिंह आदि मौके पर मौजूद थे।
वहीं काफी देर तक किसानों व पुलिस के आला अधिकारियों के साथ बहस होती रही। आंदोलनकारी विधायक से माफी मांगे जाने की बात पर अड़े थे। काफी देर तक चली गहमागहमी के बीच प्रशासनिक अधिकारियों ने विधायक विनोद भयाना व किसानों के बीच वार्ता के लिए बैठक करवाई, वार्ता के दौरान भी काफी देर हंगामा हुआ। किसान नेता विकास सिसर तथा किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष कुलदीप खरड़ ने विधायक से कहा कि बीते दिन आपकी गाड़ी में एक नेता बैठा था उसने महिलाओं की ओर अश्लील इशारा किया था। इस पर विधायक ने आंदोलनकारियों से कहा कि मैं पूर्व मंत्री व हिसार भाजपा प्रभारी मनीष ग्रोवर की गाड़ी में बैठा था और मेरी गाड़ी में मेरा स्टाफ था। मुझे नहीं पता किसने माताओं तथा बहनों की ओर अश्लील इशारा किया है। उन्होंने कहा कि अगर किसी ने ऐसी हरकत की है तो वह निंदनीय हैं। अगर हमारे भाई बहनों को कुछ ऐसा लगा है कि हमारे साथ गाड़ी में किसी ने अश्लील हरकत की है वह उसके लिए माफी मांगते हैं।
यह था मामला
गौरतलब रहे कि शनिवार को हिसार की जेजेयू यूूनिवर्सिटी में भाजपा हिसार जिले की कार्यकारिणी की बैठक थी। वहां भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ बैठक में पहुंचे थे। नए कृषि बिलों का विरोध कर रहे आंदोलनकारी धनखड़ का विरोध जताने के लिए डेरा डाले हुए थे। उस दौरान महिलाओं ने विधायक विनोद भयाना की गाड़ी में बैठे एक व्यक्ति पर अश्लील इशारे करने का आरोप लगाया। जीजेयू के बाहर बीती देर सायं तक हंगामा हुआ। शनिवार को ही सायं 8 बजे के करीब किसानों ने रामायण टोल प्लाजा पर ढाई घंटे जाम भी लगाया था।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS