Hansi : दीपावली दीये व पुराने धार्मिक कलैंडर नहर में प्रवाहित करवाने आई महिला का फिसला पैर, नहर में गिरी

- महिला को नहर में डूबता देख सीलिंग प्लान ड्यूटी पर तैनात सब इंस्पेक्टर ने लगाई नहर में छलांग
- सब इंस्पेक्टर ने बचाई महिला व युवक की जान
Hansi : तोशाम रोड़ पर पेटवाड़ डिस्टीब्यूटरी में दीपावली पर्व पर पूजा व पुराने दीये तथा धार्मिक कलैंडर नहर में प्रवाहित करने आई एक महिला का पैर फिसलने से नहर में गिर गई। लेकिन सीलिंग प्लान ड्यूटी पर तैनात सब इंस्पेक्टर ने बहादुरी का परिचय देते हुए नहर में डूब रही महिला व उसे बचाने के लिए नहर में कूदे एक लड़के को सकुशल बाहर निकाल लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बस स्टैंड के समीप स्थित छोटूराम कालोनी में रहने वाली महिला बिमला अपनी जेठानी के साथ पेटवाड़ डिस्टीब्यूटरी में दीपावली के दिये और बची हुई पूजा सामग्री तथा पुराने धार्मिक कलैंडर तथा अन्य सामान नहर में प्रवाहित करने के लिए आई थी। लेकिन आंखों से कम दिखाई देने के चलते नहर किनारे पहुंचते ही उसका पैर फिसल गया और वह नहर में जा गिरी। महिला को नहर में गिरता देख वहां से गुजर रहा एक युवक ने महिला को बचाने के लिए नहर में छलांग लगा दी। लेकिन महिला का वजन अधिक होने तथा नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण युवक महिला को बचाने में सफल नहीं हो पाया और वह भी नहर में डूबने लगा। इसी दौरान पुलिस द्वारा सीलिंग प्लान के लिए तोशाम रोड़ स्थित पेटवाड़ डिस्टीब्यूटरी पूल लगाए गए नाके पर तैनात सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार जांगडा की नजर नहर में डूब रही महिला और युवक पर पड़ी तो उसने आव देखा न ताव और तुरंत भागते हुए अपनी वर्दी निकाल कर नहर में छलांग लगा दी।
उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद महिला व युवक को नहर किनारे पहुंचाया और उसके बाद मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों की मदद से महिला व युवक को सकुशल बाहर निकाल कर दोनों की जान बचा कर बहादुरी का परिचय दिया। वहीं मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों व शहर के नागरिक ने सब इंस्पेक्टर मनोज की बहादुरी की तारीफ करते हुए प्रशासन से उसे सम्मानित करने का अनुरोध किया। सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार से बिना सेफ्टी नहर में कुद अपनी जान दांव पर लगाने के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि महिला और युवक को बचाने के लिए सेफ्टी उपकरण का इंतजार करते तो दोनों की जान चली जाती। उसे तैरना आता था और इसी के चलते उसने नहर में छलांग लगाई और उसे अपने आप पर गर्व है कि वह दो जिंदगियां बचाने में कामयाब रहा। वहीं महिला व युवक ने भी सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार का दिल से आभार व्यक्त करते हुए शुक्रिया अदा किया।
यह भी पढ़ें - Fatehabad : सऊदी अरब व इराक से डिमांड आने के बाद बासमती के दामों में आया उछाल
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS