हरियाणा विधानसभा मानसून सत्र : दूसरे दिन भी सदन में गूंजे अवैध खनन, DSP की हत्या और लंपी बीमारी के मामले, दो बिल पास

हरियाणा विधानसभा मानसून सत्र : दूसरे दिन भी सदन में गूंजे अवैध खनन, DSP की हत्या और लंपी बीमारी के मामले, दो बिल पास
X
सदन में मानसून सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही सुबह 11 बजे प्रश्नकाल के साथ में शुरु हुई। इसके बाद में शून्यकाल भी चलाया गया। इस दौरान अवैध खनन मुद्दे, बढ़ते अपराधों, डीएसपी की हत्या, सड़कों की खराब हालत पर नेता विपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, इनेलो विधायक अभय चौटाला, कांग्रेस नीरज शर्मा एनआईटी, गीता भुक्कल, आफताब अहमद आदि ने आवाज उठाई।

योगेंद्र शर्मा : चंडीगढ़

हरियाणा विधानसभा मानसून सत्र के दूसरे दिन भी अवैध खनन, जलभराव, डीएसपी की हत्या, खनन माफिया, पशुओं में लंपी बीमारी जैसे विषय छाए रहे और विपक्ष की ओर से खासा शोरगुल किया गया। सदन में पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ में हिस्सेदारी लेने के लिए पूरे सदन ने सत्तापक्ष और विपक्ष ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर दिया। इसके अलावा हरियाणा के खिलाड़ियों द्वारा देश को 20 मैडल दिलाने पर भी खड़े होकर तालियां और टेबल बजाकर स्वागत किया गया। दूसरी तरफ चौथे नंबर पर आने वाले खिलाड़ी को भी 15 लाख रुपये देने वाला हरियाणा पहला प्रदेश होगा। सदन में मानसून सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही सुबह 11 बजे प्रश्नकाल के साथ में शुरु हुई। इसके बाद में शून्यकाल भी चलाया गया। इस दौरान अवैध खनन मुद्दे, बढ़ते अपराधों, डीएसपी की हत्या, सड़कों की खराब हालत पर नेता विपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, इनेलो विधायक अभय चौटाला, कांग्रेस नीरज शर्मा एनआईटी, गीता भुक्कल, आफताब अहमद आदि ने आवाज उठाई। जिस पर सदन में कुछ विषयों पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल व खनन मंत्री मूलचंद शर्मा ने विस्तार से सदन में खनन पर जवाब दिया और बताया कि इस सरकार ने रिकार्ड राजस्व एकत्र करने में सफलता प्राप्त की है, उन्होंने जब कांग्रेस शासनकाल के आंकड़े रखने की शुरुआत की, तो विपक्ष की ओऱ से जमकर शोरगुल किया गया। इस पर सीएम ने खड़े होकर कहा कि तुलना तो करनी ही होगी।

हरियाणा के खेल एवं युवा कार्यक्रम मंत्री सरदार संदीप सिंह ने जिस वक्त बताया कि 22वें राष्ट्रमंडल खेलों में खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है और 61 मेडल जीते हैं। सभी ने खड़े होकर मेजें थपथपाई और तालियां बजाकर हरियाणा के खिलाडियों का स्वागत किया। दूसरी तरफ एक निजी प्रस्ताव लेकर आईं कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री गीता भुक्कल ने पंजाब यूनिवर्सिटी में हिस्सेदारी की आवाज उठाई व बताया कि यह हैरिटेज है, जिसमें एक वक्त में हरियाणा की हिस्सेदारी थी। लेकिन हरियाणा ने खुद किसी कारणवश वापस ले ली थी। अब इसमें हमे वापस जुड़ना है, अपने दो दर्जन कालेज इसमें जोड़ने हैं, जिसमें अंबाला पंचकूला, यमुनानगर के विद्यार्थियों को फायदा होगा।

शिक्षा मंत्री कंवर पाल ने कहा कि चंडीगढ़ स्थित पंजाब विश्वविद्यालय में कालेजों की संबद्घता का हिस्सा राज्य के छात्रों तथा नागरिकों के हितों की रक्षा हेतु हरियाणा को अवश्य मिलना चाहिए। भुक्कल के इस अनौपचारिक संकल्प को सत्तापक्ष सहित पूरे सदन का साथ मिल गया। इसके अलावा दूसरे दिन आज दो विधेयक पारित किए गए और चार विधेयक सदन पटल पर रखे गये। पंजाब विश्वविद्यालय को लेकर शिक्षा मंत्री ने दोहराया कि शुरुआत में पंजाब विश्वविद्यालय के बजट को पंजाब राज्य, हरियाणा और चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा सांझा किया गया था। वर्तमान में विश्वविद्यालय का खर्च भारत सरकार व पंजाब सरकार द्वारा वहन किया जाता है, जिसमें भारत सरकार बजट का 92 प्रतिशत और पंजाब सरकार 8 प्रतिशत वित्त पोषण कर रही हैं। पंजाब राज्य के लगभग 168 कॉलेज इस विश्वविद्यालय से संबद्ध है, परन्तु भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना दिनांक 1 नवम्बर,1973 के कारण हरियाणा का कोई महाविद्यालय इस विश्वविद्यालय संबद्ध नहीं हैं।

दण्ड प्रक्रिया संहिता (हरियाणा संशोधन) विधेयक, 2022

दण्ड प्रक्रिया संहिता, 1973, हरियाणा को आगे संशोधित करने के लिए दण्ड प्रक्रिया संहिता (हरियाणा संशोधन) विधेयक, 2022 पारित किया गया है।दण्ड प्रक्रिया संहिता (हरियाणा संशोधन) विधेयक 2022 एक ऐसा विधेयक जो कि क्षमा दान प्राप्त साक्षी की जमानत के बारे में दण्ड प्रक्रिया संहिता, 1973 की धारा 306 की उप-धारा (4) के खण्ड (ख) में संशोधन से सम्बन्धित है। दण्ड प्रक्रिया संहिता, 1973, हरियाणा की इस धारा में किए गए संशोधन के अनुसार अब प्रत्येक व्यक्ति, यदि वह पहले से ही कस्टडी में है, को ऐसी अवधि के लिए कस्टडी में रखा जा सकता है, जो न्यायालय लिखित में लिपिबद्घ किए जाने वाले कारणों से आवश्यक समझे। इसके अतिरिक्त, उसे जमानत पर ऐसी शर्तों पर रिहा किया जा सकता है, जिसेे न्यायालय इस धारा के प्रयोजनों के लिए उपयुक्त समझते हैं।

हरियाणा विनियोग(संख्या 3) विधेयक, 2022

मार्च, 2023 के 31वें दिन को समाप्त होने वाले वित्त वर्ष के दौरान सेवाओं के लिए हरियाणा राज्य की संचित निधि में से कुल 1976,08,85,000 रुपये के भुगतान और विनियोग का प्राधिकार देने लिए हरियाणा विनियोग (संख्या 3) विधेयक, 2022 पारित किया गया है।

4660 करोड़ रुपये राजस्व : सीएम

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने विपक्ष को जवाब दिया और कहा कि राज्य सरकार के कार्यकाल के दौरान वर्ष 2015-16 से 2021-22 तक 7 सालों में खनन से 4660 करोड़ राजस्व आया है। जबकि पिछली सरकार के कार्यकाल के दौरान वर्ष 2005 से 2014 तक केवल 1268 करोड़ रुपये राजस्व प्राप्त हुआ था यानी 130 करोड़ रुपये प्रति वर्ष का राजस्व ही प्राप्त हुआ था। जबकि हमारे कार्यकाल में लगभग 600 करोड़ रुपये प्रति वर्ष का राजस्व प्राप्त हुआ।

शायराना अंदाज में सीएम का तंज

मनोहर लाल ने विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर शायराना अंदाज में तंज कसते हुए कहा कि लहजे में कसक और चेहरे पर नकाब लिये फिरते हैं, जिनके खुद के खाते खराब हैं, वो मेरा हिसाब लिये फिरते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सदन में जिन विधायकों ने खनन माफिया पर नकेल कसने के लिए जो सुझाव दिए हैं, उन पर निश्चित तौर पर विचार किया जाएगा। मेवात क्षेत्र में खनन बंद है, लेकिन राजस्थान से माल लेकर जो आते हैं, उनके लिए क्रशर चलाने का अनुरोध किया गया था। राजस्थान से जो आते हैं, उनकी भी चैकिंग की गई है, उनके पंजीकृत क्रशर हैं। उनके कागजों में दर्ज और फिजिकल स्टॉक की जांच की गई है, जिनमें अंतर मिला है। इसी प्रकार, यमुनानगर में भी एमडीएल के स्टॉक की जांच की गई। उन्होंने कहा कि खनन की हर गाड़ी के लिए पुलिस बल उपस्थित नहीं रह सकता। लेकिन गलत काम करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं। गाडिय़ां पकड़ी जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि डीएसपी सुरेंद्र सिंह की मृत्यु के मामले में एसआईटी गठित की हुई है। 11 लोग पकड़े गए हैं। जो राजस्थान में छिपे थे, उन्हें भी पकड़ा है। सभी न्यायिक हिरासत में हैं। 10 एफआईआर दर्ज हुई हैं। एसआईटी की जांच में सब सामने आ जाएगा। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

खनन एवं भूविज्ञान मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि हरियाणा सरकार अवैध खनन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। यह सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं कि राज्य के किसी भी हिस्से में कोई अवैध खनन न हो। अत: यह कहना तथ्यात्मक रूप से गलत है कि राज्य में कोई खनन माफिया फल-फूल रहा है। उन्होंने कहा कि 2005 से 2014 तक 9 सालों में 1267 करोड़ रुपये का राजस्व कमाया गया जबकि हमारे कार्यकाल में 2015 से 22 तक 4660 करोड़ रुपये के राजस्व की कमाई हुई है। मूलचंद शर्मा ने कहा कि 19 जुलाई, 2022 को डीएसपी तावडू की मृत्यु के संबंध में हरियाणा के डीजीपी द्वारा विस्तृत रिपोर्ट दी गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ में हरियाणा की हिस्सेदारी को लेकर गत दिनों केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई नॉर्थ जोनल काउंसिल की बैठक में उनके समक्ष यह विषय रखा गया था। गृह मंत्री ने इस पर विचार करने का आश्वासन दिया है। श्रीमती गीता भुक्कल द्वारा पंजाब विश्वविद्यालय में हरियाणा के हिस्सेदारी को लेकर पेश किए गए गैर-सरकारी संकल्प पर चर्चा के दौरान बोल रहे थे। सदन में गैर-सरकारी संकल्प को सर्वसम्मति से पारित किया गया।

लंपी स्किन बीमारी ( एलएसडी ) की रोकथाम के लिए 5 लाख वैक्सीन का आर्डर

पशुपालन एवं डेयरी मंत्री जय प्रकाश दलाल ने कहा कि पशुओं में लंपी स्किन बीमारी (एलएसडी) की रोकथाम के लिए 5 लाख वैक्सीन का आर्डर कर दिया गया है और यह वैक्सीन आज सायं तक आ जाएगी। उन्होंने कहा कि पशुओं में तुरंत वैक्सीनेशन के लिए इस वैक्सीन को एयरलिफ्ट करके मंगाया जा रहा है ताकि पशुपालकों को किसी भी प्रकार नुकसान न हो। दलाल मॉनसून सत्र में लगाए गए ध्यानाकर्षन प्रस्ताव का उत्तर दे रहे थे। बीमारी की रोकथाम के लिए चिंतित हैं क्योंकि यह एक वायरल बीमारी है और इसके लिए विभिन्न पग उठाए जा रहे हैं। पंजाब और राजस्थान के मुकाबले हरियाणा में यह बीमारी कम फैली हुई है और इस बीमारी के संबंध में हमने एडवाइजरी जारी कर दी है कि पशुओं का आवागमन बंद हो, पशु मेला लगाना बंद हो, मच्छर-मक्खी की दवाइयां का छिड़काव हो। लंपी बीमारी को लेकर शुरुआत जाम्बिया देश में हुई थी, जहां से यह दक्षिण अफ्रीका में फैल गई। साल 2012 के बाद से यह तेजी से फैली है, हालांकि हाल ही में रिपोर्ट किए गए मामले मध्य पूर्व, दक्षिण पूर्व, यूरोप, रूस, कजाकिस्तान, बांग्लादेश (2019) चीन (2019), भूटान (2020), नेपाल (2020) और भारत (अगस्त, 2021) में पाए गए हैं। वर्तमान वर्ष के दौरान देश में प्रमुख प्रभावित राज्य गुजरात, राजस्थान और पंजाब हैं। हरियाणा राज्य में यह रोग अभी प्रारंभिक चरण में है और पशुपालन और डेयरी विभाग द्वारा इसके नियंत्रण और रोकथाम के उपाय किए जा रहे हैं। लंपी स्किन बीमारी मुख्य रूप से गोवंश को प्रभावित करती है। देसी गोवंश की तुलना में संकर नस्ल के गोवंश में लम्पी स्किन बीमारी के कारण मृत्यु दर अधिक है। इस बीमारी से पशुओं में मृत्यु दर 1 से 5 प्रतिशत है। रोग के लक्षणों में बुखार, दूध में कमी, त्वचा पर गांठें, नाक और आंखों से स्राव आदि शामिल हैं। रोग के प्रसार का मुख्य कारण मच्छर, मक्खी और परजीवी जैसे जीव हैं। इसके अतिरिक्त, इस बीमारी का प्रसार संक्रमित पशु के नाक से स्राव, दूषित फीड और पानी से भी हो सकता है।

लंपी स्किन बीमारी की स्थिति

राज्य में कुल 62.92 लाख गोजातीय (भैंस और गौवंश) पशुओं में से 19.32 लाख गौवंश हैं। इन गौवंश में इस बीमारी के फैलने का खतरा है। चालू वर्ष में जुलाई, 2022 के अंतिम सप्ताह में यमुनानगर जिले से एलएसडी की प्रारंभिक रिपोर्ट दी गई थी । 08 अगस्त,2022 तक कुल मामलों की स्थिति का संक्षिप्त विवरण देते हुए उन्होंने बताया कि प्रभावित गाँवों की संख्या 482, प्रभावित गौवंश की संख्या 6135, प्रभावित भैसों की संख्या शून्य, रोग निदान हेतु लिए गए सैंपलों की संख्या 161, मृत पशुओं की संख्या 23, लंपी स्किन बीमारी के पुष्टि हुए केसों की संख्या राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशुरोग संस्थान, भोपाल द्वारा पुष्टि की जानी लम्बित है। लंपी स्किन बीमारी का पिछला प्रकोप लाला लाजपत राय विश्वविद्यालय, हिसार में सितंबर, 2021 में दर्ज किया गया था, जहाँ 60 पशुओं में लंपी स्किन बीमारी फैलने का संदेह था। सैंपल लेने के बाद 12 पशुओं में एलएसडी की पुष्टि हुई, जिनमें से एक की मौत हो गई थी ।

दो विधेयक पारित, चार विधेयक टेबल किए गए

हरियाणा विधानसभा के मॉनसून सत्र के दूसरे दिन आज दो विधेयक पारित किए और चार विधेयक सदन पटल पर रखे गए। विस्तृत चर्चा के उपरान्त पारित किए विधेयकों में दण्ड प्रक्रिया संहिता (हरियाणा संशोधन) विधेयक, 2022 और हरियाणा विनियोग (संख्या 3) विधेयक, 2022 शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, हरियाणा माल एवं सेवा कर (संशोधन) विधेयक, 2022, हरियाणा जल संसाधन (संरक्षण, विनियमन तथा प्रबंधन) प्राधिकरण (द्वितीय संशोधन) विधेयक, 2022, हरियाणा नगर निगम (संशोधन) विधेयक, 2022 और हरियाणा नगर पालिका (संशोधन) विधेयक, 2022 को सदन पटल पर रखा गया, जिन्हें विस्तृत चर्चा के बाद पारित किया जाएगा।

Tags

Next Story