Haryana Board 12th Topper : 498 अंक लेकर रोहतक की काजल बनी हरियाणा की टाॅपर, लेफ्टिनेंट बनने का सपना, जानें सफलता का राज

हरिभूमि न्यूज : महम ( रोहतक )
गांव देहात की बेटियां भी किसी से कम नहीं हैं। वे मॉडर्न तरीके के विद्यालयों में पढ़ने वाले शहरी बच्चों को भी मात दे रही हैं। ऐसा ही एक उदाहरण पेश किया है रोहतक जिले के महम खंड के गांव निंदाना के केसीएम पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा काजल ने। काजल ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा के वार्षिक परीक्षा परिणाम में प्रदेशभर में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। काजल ने 500 में से 498 अंक हासिल किए हैं। काजल कला संकाय की छात्रा है। काजल की इस उपलब्धि पर गांव में जश्न का माहौल है।
जैसे ही विद्यालय प्रबंधन व ग्रामीणों को इसकी सूचना मिली तो मिठाइयां बांटकर व फूल माला पहनाकर छात्रा का स्वागत किया गया। शिक्षकों व अभिभावकों ने इसका श्रेय काजल की मेहनत को दिया है, जबकि काजल ने इसका श्रेय गुरुजनों और माता पिता को दिया है। कहा है कि उसकी मेहनत तो थी ही। साथ ही उनके गुरुजनों का अच्छा मार्गदर्शन मिला और माता पिता का भरपूर सहयोग मिला। स्कूल संचालक वजीर सिंह नहरा और प्रिंसिपल महेंद्र शर्मा ने छात्रा को इस उपलब्धि पर काजल व उसके माता पिता को बधाई दी है।
कहा है कि वे 1995 से इस विद्यालय का संचालन कर रहे हैं। तीन साल पहले दसवीं में भी उनके विद्यालय की छात्राओं ने प्रदेशभर में नाम रोशन किया था। यह सब काजल की मेहनत और उनके मेहनती स्टाफ की वजह से संभव हो पाया है। छात्रा व शिक्षकों की मेहनत का ही नतीजा है, कि उनके विद्यालय का नाम प्रदेशभर में टॉप में आया है। पूर्व सरपंच वजीर ने बताया कि वे पहले से ही लक्ष्य तय करके चलते हैं। उनका लक्ष्य होता है कि उनके विद्यालय का नाम प्रदेशभर में पहले नंबर पर आए। एक बार वे प्रदेश में सातवें पायदान पर रहे। उसके बाद तीसरे स्थान पर रहे। इस बार पहला व तीसरा स्थान उनके ही विद्यालय का है।
सेना में लेफ्टिनेंट बनकर देश की सेवा करना चाहती है काजल
प्रदेशभर में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के 12वीं कक्षा के वार्षिक परीक्षा परिणाम में प्रथम स्थान पर रहने वाली छात्रा काजल ने बताया कि वह सेना में लेफ्टिनेंट बनकर देश की सेवा करना चाहती है। इसके लिए उसने अपना पहले से ही लक्ष्य तय कर रखा है। उसका लक्ष्य लेफ्टिनेंट बनना है वह अपना लक्ष्य जरूर हासिल करेगी।
काजल के पिता रावत सात और मां गुड्डी 9वीं क्लास तक पढ़े हैं, बेटी ने किया नाम रोशन
काजल के पिता रावत महज सातवीं पास हैं और उसकी मां गुड्डी केवल 9वीं क्लास तक ही पढ़ी हैं। लेकिन उनकी प्रेरणा से उनकी बेटी ने प्रदेशभर में 12वीं कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। काजल ने बताया कि किसी भी उपलब्धि को हासिल करने के लिए पहले प्लानिंग करनी पड़ती है। वह टाइम टेबल बनाकर पढ़ाई करती थी। रात एक बजे तक नियमित रूप से पढ़ाई करती थी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS