हरियाणा के मुख्य सचिव संजीव कौशल बोले : सरकार ने गेहूं के लिए 408 व सरसो के लिए 103 खोले खरीद केंद्र

- हरियाणा में रबी सीजन 2023-24 की सुचारू खरीद प्रक्रिया के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की लगाई ड्यूटी
- जिला इंचार्ज जिलों में खरीद प्रक्रिया की करेंगे समीक्ष व निरीक्षण
चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्य सचिव संजीव कौशल ने राज्य में रबी सीजन 2023-24 की खरीद प्रक्रिया का सुचारू, निर्बाध और परेशानी मुक्त संचालन सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न प्रशासनिक सचिवों को जिला इंचार्ज के तौर पर प्रतिनियुक्त किया है। इस संबंध में मुख्य सचिव द्वारा विभिन्न प्रशासनिक सचिवों को पत्र लिखा गया है।
उन्होंने बताया कि खरीद सीजन के दौरान, गेहूं, जौ और चना की खरीद 1 अप्रैल से शुरू हो रही है, जबकि सरसों की खरीद 20 मार्च से शुरू हो चुकी है। विभिन्न मंडियों में खरीद एजेंसियां अर्थात खाद्य आपूर्ति, हैफेड, एचडब्ल्यूसी और एफसीआई द्वारा यह खरीद की जाएगी। राज्य सरकार ने गेहूं के लिए 408 मंडियां/खरीद केंद्र, सरसों के लिए 103 मंडियां/खरीद केंद्र, जौ के लिए 25 मंडियां और चना के लिए 11 मंडियां/खरीद केंद्र खोले गए हैं।
किसानों को सीधे उनके बैंक खातों में किया जाएगा ऑनलाइन भुगतान
उन्होंने बताया कि सरकार के लिए खरीद कार्यों के सुचारू, निर्बाध और परेशानी मुक्त संचालन सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए विभिन्न जिलों में आने वाली मंडियों का निरीक्षण प्रशासनिक सचिव करेंगे। खरीद प्रक्रिया के दौरान एमएसपी के लिए पंजीकृत किसानों को सीधे उनके बैंक खातों में ऑनलाइन भुगतान किया जाएगा।
ई-खरीद प्लेटफॉर्म के माध्यम से सभी मापदंडों की मैपिंग और निगरानी की होगी सुविधा
उन्होंने बताया कि ई-खरीद प्लेटफॉर्म के माध्यम से सभी मापदंडों की मैपिंग और निगरानी की सुविधा होगी। इसके अलावा, समीक्षा व निरीक्षण के लिए महत्वपूर्ण पहलुओं की एक चेकलिस्ट खरीद की शुरुआत से पहले और खरीद प्रक्रिया के दौरान जिला इंचार्ज को सौंपी जाएगी। रबी विपणन सीज़न 2023-24 के दौरान गेहूं और अन्य खरीद को नियंत्रित करने हेतू विस्तृत दिशा- निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए हैं।
इन अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
सभी जिलों में जिला इंचार्ज के रूप में नियुक्त प्रशासनिक सचिवों की सूची के तहत टी.वी.एस.एन. प्रसाद को करनाल, सुधीर राजपाल को पलवल, डॉ. सुमिता मिश्रा को पंचकूला, अंकुर गुप्ता को अंबाला, अनुराग रस्तोगी को गुरुग्राम, आनंद मोहन शरण को सोनीपत, राजा शेखर वुंडरू को महेंद्रगढ़, अशोक खेमका को नूंह, विनीत गर्ग को फतेहाबाद और अनिल मलिक को फरीदाबाद जिला सौंपा गया है। इसी प्रकार डॉ. जी. अनुपमा को कुरुक्षेत्र, अपूर्व कुमार सिंह को पानीपत, अरुण कुमार गुप्ता को यमुनानगर, विजेंद्र कुमार को सिरसा, डी. सुरेश को चरखी दादरी, राजीव रंजन को कैथल, पंकज अग्रवाल को भिवानी, विकास गुप्ता को रोहतक, विजय सिंह दहिया को जींद, अमनीत पी. कुमार को हिसार, टी.एल. सत्यप्रकाश को झज्जर और मोहम्मद शायिन को रेवाड़ी जिला सौंपा गया है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS