Haryana Congress ने की विशेष सदस्यता अभियान की शुरुआत

Haryana Congress ने की विशेष सदस्यता अभियान की शुरुआत
X
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा पूर्व मुख्य संसदीय सचिव रामकिशन गुर्जर को हरियाणा में शुरू हुए पार्टी सदस्यता अभियान का इंचार्ज नियुक्त किया है।

हरियाणा कांग्रेस प्रदेश अध्‍यक्ष कुमारी सैलजा (Kumari Selja) ने सोमवार को चंडीगढ़ स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर पार्टी के विशेष सदस्यता अभियान की जोरदार शुरुआत की। यहां पर सैकड़ों लोगों ने पार्टी की विधिवत सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने बताया कि हाल ही में सोनिया गांधी की अध्यक्षता में हुई कांग्रेस कार्यकारी समिति की हिदायतों के अनुसार पूरे देश में सदस्यता अभियान का शुभारम्भ हो गया है। सैलजा ने साफ कर दिया है कि पूरे प्रदेश में ब्लाक स्तर से लेकर जिला, उपमंडल, तहसील आदि सभी स्तर पर संगठन को मजबूत करने की मुहिम चलाई जाएगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा पूर्व मुख्य संसदीय सचिव रामकिशन गुर्जर को हरियाणा में शुरू हुए पार्टी सदस्यता अभियान का इंचार्ज नियुक्त किया है।

सैलजा ने कहा कि आज के दिन हमारे लिए बहुत ही ऐतिहासिक है, क्योंकि आज ही के दिन यानि1 नवंबर 1966 को हरियाणा को अलग राज्य का दर्जा हासिल हुआ था। हरियाणा के अलग राज्य बनने के पश्चात इसने हर क्षेत्र में अभूतपूर्व तरक्की की है और कृषि प्रधान के रूप में भारत की शान बढ़ा रहा है परंतु पिछले लगभग सात सालों से हरियाणा में भाजपा जैसी संकीर्ण मानसिकता वाली पार्टी सत्ता में काबिज है जिसने हमारे आपसी भाईचारे के ताने बाने को तहस-नहस कर दिया है। पहले पांच साल अकेली भाजपा और पिछले दो सालों से भाजपा-जजपा की गठबंधन सरकार हरियाणा को बेरोजगारी में नम्बर एक पर ले आई है। पेपर लीक मामले में भी यह सरकार नंबर एक पर है और युवाओं को नौकरी के लिए 200-200 किलोमीटर दूर पेपर देने जाना पड़ता है, लगता है कि सरकार की प्राथमिकता युवाओं को नौकरी देने की बजाए उन्हें प्रताड़ित करने की है।

सदस्यता अभियान के बारे में बताते हुए हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यह सदस्यता अभियान 31 मार्च, 2022 तक चलेगा और इसके लिए ऑनलाइन भर्ती की प्रक्रिया भी शीघ्र ही शुरू कर दी जायेगी। इस सदस्यता अभियान के आधार पर ही संगठन के चुनाव का पूरा कार्य सम्पन्न होगा। उन्होंने बताया कि हर स्तर पर अधिक से अधिक सदस्य बनाने का प्रयास किया जायेगा। उन्होंने कहा कि लोगों से सीधा संपर्क स्थापित करके उन्हें कांग्रेस पार्टी की विचारधारा से अवगत कराने और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी के साथ विधिवत रूप से जोड़ने का यह अच्छा अवसर है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी और हमारे नेता राहुल गांधी के निर्देशानुसार प्रदेश भर में पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्म दिवस 14 नवंबर से लेकर 28 नंबर तक जन जागरूकता यानी जन-जागरण अभियान भी चलाया जायेगा। इस अभियान के तहत समस्त हरियाणा में प्रदेश कांग्रेस द्वारा पदयात्रा में, बैठक, सभाएं इत्यादि आयोजित करके आमजन को जागरूक किया जाएगा कि सत्तारूढ़ भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण किस प्रकार से पैट्रोल व डीजल की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि हो रही है, अर्थव्यवस्था का बंटाधार हो गया है, बेरोजगारी चर्म सीमा पर पहुंच चुकी है और गरीबी व भुखमरी बेकाबू रफ्तार से बढ़ती जा रही है। सैलजा ने कहा कि मुख्य विपक्षी दल होने के नाते हमारी जिम्मेवारी भी बनती है कि भाजपा सरकार की विफलताओं और ज्वलंत मुद्दों को पूरे जोर-शोर से उठायें और लोगों को जागरूक करें। इसी प्रकार आगे भी कांग्रेस पार्टी समय-समय पर पूरी ताकत से ज्वलंत मुद्दे उठाती रहेगी। पूर्व उप-मुख्यमंत्री चन्द्रमोहन, विधायक प्रदीप चौधरी, शैली चौधरी और रेणू बाला, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष रोहित जैन, हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुधा भारद्वाज, पूर्व विधायक जसबीर मलौर, प्रदेश कांग्रेस के प्रशासनिक मामलों के इंचार्ज व एआईसीसी सदस्य प्रताप चौधरी, प्रदेश कांग्रेस के मीडिया इंचार्ज निलय सैनी, प्रवक्ता संजीव भारद्वाज, बालमुकुंद शर्मा और रमेश बामल मौजूद थे।

Tags

Next Story