भारतीय वॉलीबॉल संघ में एक बार फिर से हरियाणा का दबदबा

गुरुग्राम। भारतीय वॉलीबाॅल संघ के चुनाव में हरियाणा के सूबे सिंह ने संयुक्त सचिव के पद पर जीत हासिल की है। मूलरूप से चरखी दादरी जिला के निवासी (वर्तमान में गुरुग्राम में रहने वाले) सूबे सिंह अब तक हरियाणा वॉलीबाॅल संघ के महासचिव का पद संभाल रहे हैं। वे इंडियन नेशनल लोकदल में खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक भी हैं।
सूबे सिंह का पूरा जीवन ही वॉलीबॉल खेल के लिए समर्पित रहा है। अपने छात्र जीवन से ही ये वॉलीबाॅल खेल से जुड़े रहे। खेलों में हरियाणा प्रदेश का नेतृत्व करते हुए एक कप्तान के रूप में राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश को अनेक पदक दिलवाए। वर्ष 1982 में जब हरियाणा ने वॉलीबाल में नेशनल गोल्ड मेडल का खिताब हासिल किया था। उस टीम में सूबे सिंह भी एक महत्वपूर्ण खिलाड़ी थे। सूबे सिंह पिछले कई वर्षों से हरियाणा वॉलीबॉल एसोसिएशन के महासचिव पद का सफलतापूर्वक संचालन करते आ रहे हैं। अपने इस कार्यकाल के दौरान इन्होंने प्रदेश में वॉलीबॉल को लोकप्रिय बनाने के साथ ही साथ प्रदेश में वॉलीबाॅल खेल के विकास के लिए हर संभव उपाय किए। इनके इस कार्यकाल के दौरान प्रदेश के खिलाड़ियों ने वॉलीबाॅल खेल में मिनी नेशनल, जूनियर नेशनल, सब जूनियर नेशनल और यूथ नेशनल में प्रदेश को चैंपियन का खिताब दिलवाने का कार्य किया।
भारतीय वॉलीबॉल संघ में सूबे सिंह के इस निर्वाचन से हरियाणा को लगभग एक दशक पश्चात फिर से वह गौरव प्राप्त हुआ है, जिसका वह असली हकदार था। इससे पूर्व हरियाणा विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष गोपीचन्द गहलोत भी संघ के उपाध्यक्ष बने थे। गोपीचन्द गहलोत से पूर्व इनेलो के प्रदेश महासचिव अभय सिंह चौटाला लगातार 8 वर्षों तक भारतीय वॉलीबाॅल संघ के उपाध्यक्ष रहे थे।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS