हरियाणा के शिक्षा मंत्री का बयान : खास वर्ग का वोट लेने के लिए कांग्रेस ने अमरिंदर को हटाया

चंडीगढ़। हरियाणा के शिक्षा मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता कंवरपाल गुर्जर का कहना है कि पंजाब में आने वाले दिनों में चुनाव हैं, इसीलिए चन्नी को मुख्यमंत्री बनाया गया है। एक खास वर्ग का वोट लेने के लिए कांग्रेस की ओर से वरिष्ठ नेता अमरेंद्र सिंह को हटाया गया है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि कांग्रेस कहीं पर भी हो, उसमें गुटबाजी कोई नई बात नहीं है। लेकिन पूर्व सीएम अमरेंद्र सिंह का यह कहना है कि उनको अपमानित किया गया, यह गंभीर बात है। शिक्षा मंत्री ने आगे कहा कि कैप्टन अमरेंद्र बड़े नेता हैं लेकिन कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को उनके साथ में इस तरह का व्यवहार नहीं करना चाहिए था। पंजाब में चुनाव होने के कारण कांग्रेस ने बदलाव किया है ताकि एक विशेष वर्ग का वोट लिया जा सके। लेकिन जनता सारा कुछ जानती है, हरियाणा कांग्रेस के अंदर भी गुटबाजी है, कईं नेताओं ने अपने अपने गुट बना लिए हैं। जिसमें सैलजा, हुड्डा, सुरजेवाला सहित कईं अन्य नेताओं के अलग अलग गुट हैं।
किसान आंदोलन को लेकर बोले कंवरपाल
वरिष्ठ नेता और मंत्री कंवरपाल सिंह का कहना है कि किसान आंदोलन के कारण दिल्ली सीमा पर काफी दिक्कत हो रही है। किसान, व्यापारी सभी वर्गों को नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि अभी तक पचास हजार करोड़ से ज्यादा का नुकसान बताया जा रहा है, अब सुप्रीम कोर्ट ने भी रोड खाली कराने का आदेश दे दिया है। शिक्षा मंत्री ने आगे कहा कि लोकतंत्र में जनता मालिक होती है लेकिन कुछ किसान नेता सियासी इशारों पर काम कर रहे हैं। लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है क्योंकि उसने ही राज्य में भाजपा की सरकार बनाई है। प्रजातंत्र में सभी को अपनी बात रखने का हक है, इस कानून को बनाने वाली सियासी पार्टी को भी अपनी बात रखने का अधिकार हैं। फैसला लेने में मालिक जनता है, इसीलिए मालिक के ऊपर नहीं बनें।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS