हरियाणा के किसान का पोता अमेरिका में बना वित्त मंत्री

हरियाणा के किसान का पोता अमेरिका में बना वित्त मंत्री
X
गोहाना के गांव आंवली के मूल निवासी विवेक अमेरिका के मिसौरी राज्य में वित्त मंत्री बने हैं, विवेक का परिवार पिछले कई साल से करनाल में रहता है।

हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना क्षेत्र के गांव आंवली के किसान के पोते विवेक मलिक अमेरिका के घटक राज्य मिसौरी के वित्त मंत्री बने हैं। विवेक मलिक का अमेरिका में मंत्री बनना न केवल गांव, क्षेत्र और प्रदेश बल्कि पूरे देश के लिए एक गर्व का विषय है। गांव के बेटे की इस अनूठी उपलब्धि से उनके परिवार के लोग और ग्रामीण फूले नहीं समा रहे हैं।

अमेरिका के मिसौरी राज्य में वित्त मंत्री बने गांव आंवली मूल के विवेक मलिक रामू राम मलिक के पोते हैं। विवेक मलिक के दादा रामू राम गांव के एक जाने-माने किसान थे। रामू राम के तीन बेटे टेकचंद मलिक, भरत सिंह मलिक और महेंद्र सिंह मलिक में से विवेक मलिक महेंद सिंह मलिक के बड़े बेटे हैं। विवेक मलिक और विशाल मलिक दो भाई हैं। विवेक मलिक के चचेरे भाई सुखबीर मलिक पुत्र भरत सिंह मलिक ने बताया कि उनका पूरा परिवार पिछले काफी दिनों से करनाल में रहता है। विवेक मलिक के पिता महेंद्र सिंह मलिक नाबार्ड में महाप्रबंधक के पद पर कार्यरत थे और इनकी माता सुमित्रा देवी एक प्रोफेसर थीं। ये दोनों अब इस दुनिया में नहीं हैं।

विवेक मलिक के परिवार की गांव में खेती की जमीन भी है। विवेक मलिक के चचेरे भाई सुखबीर मलिक के अनुसार उनके दादा रामू राम का भगत फूल सिंह कन्या गुरुकुल में भी विशेष योगदान रहा है। उनके परिवार की गांव में एक पुरानी हवेली भी थी। उन्होंने कहा कि विवेक मलिक का अमेरिका के मिसौरी राज्य में वित्त मंत्री बनना न केवल उनके परिवार बल्कि गांव और पूरे देश के लिए एक गर्व का विषय है। विवेक मलिक के छोटे भाई विशाल मलिक वर्ष 2019 में बरोदा हलके के उप चुनाव में भाजपा कार्यकर्ता के रूप में चुनावी मैदान में भी उतरे थे लेकिन उनको पार्टी से टिकट नहीं मिली थी। उस चुनाव में बरोदा हलका से ओलंपियन पहलवान योगेश्वर दत्त भाजपा के प्रत्याशी थे।

Tags

Next Story