हरियाणा के राज्यपाल ने 25 गैलेन्ट्री अवार्डियों को किया सम्मानित

हरियाणा के राज्यपाल बंडारु दत्तात्रेय ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा भारतीय सेनाओं को अत्याधुनिक हथियारों से सुसज्जित किया गया है। कोई भी देश भारत को 1962 का भारत न समझे। यदि कोई भी भारत की तरफ गलत नजर से देखने की हिमाकत करेगा तो, भारतीय सेना उसका मुंहतोड़ जवाब देने में पूरी तरह सक्षम है। आज भारत 21वीं सदी का भारत है।
राज्यपाल बंडारु दत्तात्रेय मंगलवार को अम्बाला छावनी के रैना ऑडिटोरियम में गैलेन्ट्री अवार्डी अभिनन्दन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने 25 गैलेन्ट्री अवार्डियों को स्मृति चिन्ह देकर उनका अभिनंदन किया। इन अवार्डियों में 10 अधिकारी व जवान हैं, जो अभी सेवा में हैं और 10 अधिकारी सेवानिवृत हो चुके हैं और इनमें 5 वीर नारियां भी शामिल हैं। इन युद्ध वीर नारियों के सुहाग ने अपना बलिदान देकर देश की रक्षा की है। इस मौके पर कोर कमांडर लेफ्टिनेट जनरल एनएस राजा सुब्रमण्यम ने राज्यपाल का स्वागत किया एवं कोर कमांडर की तरफ से उन्हें स्मृति चिन्ह देकर उनका अभिनंदन भी किया। इस मौके पर मेजर जनरल पंकज कौशिक, मेजर जनरल आर.पी. सिंह सहित अन्य सैन्य अधिकारी मौजूद थे।
राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने गैलेन्ट्री अवार्डियों को स्मृति चिन्ह देकर उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि हमारे वीर सैनिकों व जवानों की बदौलत ही आज हम सुरक्षित हैं। भारतीय सेना के जवान देश की सीमाओं पर पहरा देते हुए निरंतर हमारे देश की रक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारतीय थल, जल व वायु सेना अत्याधुनिक हथियारों से सुसज्जित हुई है। तीनों भारतीय सेनाओं में और अधिक समन्वय बनाने के उद्देश्य से कम्बाईंड डिफैंस स्टाफ का गठन किया गया है। इससे तीनों सेनाएं तत्काल निर्णय लेकर दुश्मन सेनाओं की रणनीति को असफल बनाने में कामयाब हो रही हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS