Haryana mausam update : हरियाणा में ओलावृष्टि के साथ कई जिलों में जमकर बरसे बदरा, फसलें बर्बाद

Haryana mausam update : प्रदेशभर में मौसम के मिजाज में सोमवार को अचानक बदलाव देखने को मिला। दोपहर के आसमान साफ था, लेकिन दोपहर बाद प्रदेश के अलग अलग हिस्सों में आसमान में बादल उमड़ पड़े और देखते ही देखते तेज हवाओं के कारण मौसम सुहावना हो गया। इसके कुछ ही देर में काली घटाओं ने दिन में ही रात का नजारा दिखाया और तेज बारिश शुरू हो गई। कड़कड़ाती बिजली और बादलों की तेज गर्जना के साथ हुई भारी बरसात ने कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति पैदा कर दी। वहीं, कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि के कारण फसलों को भी नुकसान पहुंचा है।
मौसम में आए बदलाव के कारण जहां लोगों को परेशानी हुई, वहीं किसानों के माथे पर भी चिंता की रेखाएं देखने को मिल रही है। प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई, जिसके कारण खेतों में गेंहू व सरसों की फसल बिछ गई। साथ ही खेतों में पानी भर गया, जिसके कारण फसलों को भारी नुकसान हो सकता है। जलभराव की निकासी का उचित प्रबंध न होने के कारण भी किसान चिंतित नजर आ रहे है। उधर, मौसम विभाग ने 22 से 25 मार्च का मौसम परिवर्तन शील रहने की संभावना जताई है। हालांकि बरसात के कारण लोगों को गर्मी से भी राहत मिली है, लेकिन परेशानी अधिक हुई।
इन क्षेत्रों में हुई बरसात
प्रदेश के जिले यमुनानगर, करनाल, जींद, सोनीपत, रोहतक, कैथल व कुरुक्षेत्र में जमकर बरसात हुई। भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव हो गया। उधर, झज्जर व चरखी दादरी में ओलावृष्टि हुई, जिसके कारण फसलों को भी नुकसान हुआ है।
बरसात ने रोहतकवासियों को दिलाई जून 2022 की याद
सोमवार दोपहर को हुई मूसलाधार बरसात ने एक बार फिर शहरवासियों को जून 2022 में हुई बरसात की यादाें को ताजा कर दिया। जून में बरसात के दौरान जहां छोटूराम चौक सहित पूरा शहर जलमग्न हो गया था, उसी प्रकार हुई बरसात के कारण पूरा शहर पानी पानी हो गया। छोटूराम चौक सहित शहर के अधिकांश क्षेत्रों में पानी भर गया। लोगों के घरों में भी पानी जमा हो गया। वहीं, सड़कों पर भरे पानी के कारण दोपहिया वाहन पानी में तैरते हुए नजर आए। बरसात के कारण पूरी व्यवस्था चरमराई नजर आई।
22-25 मार्च के दौरान फिर से प्री मानसून गतिविधियां देखने को मिलेगी
राजकीय महाविद्यालय नारनौल के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डॉ चंद्रमोहन ने बताया कि एक के बाद एक सशक्त मौसम प्रणाली सक्रिय होने से सम्पूर्ण मैदानी राज्यों में विशेषकर हरियाणा एनसीआर दिल्ली में सभी दिशाओं में यानि उत्तरी, दक्षिणी पूर्वी और मध्य हिस्सों में लगातार प्री मानसून गतिविधियां जिसमें तेज गति से हवाएं अंधड़ चलने हल्की से मध्यम बारिश और गरज चमक के साथ कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की गतिविधियों को दर्ज किया जा रहा है केवल सिरसा फतेहाबाद हिसार में अभी तक कम प्रभाव देखने को मिल रहा है। इन सशक्त पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से लगातार मध्य और पश्चिमी राजस्थान पर सशक्त प्रेरित चक्रवातीय सरकुलेशन बनने से अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से लगातार प्रचुर मात्रा में नमी मिल रही है साथ ही साथ लगातार मैदानी राज्यों में हवाओं में बदलाव भी हो रहा है जिसकी वजह से सम्पूर्ण इलाके पर अस्थिरता बनी हुई हैै। मैदानी राज्यों हरियाणा एनसीआर दिल्ली लगातार गरज चमक के बादलों का निर्माण देखने को मिल रहा है जिसकी वजह से प्री मानसून गतिविधियां तेज गति से हवाएं अंधड़ चलने और हल्की से मध्यम आकार की बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की गतिविधियों को दर्ज किया जा रहा है। अगले चौबीस घंटों में हरियाणा एनसीआर दिल्ली में इन गतिविधियों में कमी आने की संभावना बन रही है। परन्तु आने वाले अडतालीस धंटे के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ फिर से सक्रिय होने से सम्पूर्ण इलाके पर 22-25 मार्च के दौरान फिर से प्री मानसून गतिविधियां देखने को मिलेगी। लगातार पांच दिनों से प्री मानसून गतिविधियां की वजह से सम्पूर्ण मैदानी राज्यों में विशेषकर हरियाणा एनसीआर दिल्ली में तापमान में गिरावट दर्ज हुई है। आज हरियाणा एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम तापमान 13.0 डिग्री सेल्सियस से 17.0 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है अधिकतर स्थानों पर रात्रि तापमान सामान्य और सामान्य से कम बना हुआ है।
रोहतक : बारिश में अपने गंतव्य को जाते हुए लोग।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS