हरियाणा पंचायत चुनाव : दूसरे चरण के 9 जिलों में वोटिंग कल, चुने जाएंगे पंच और सरपंच, 1023 पोलिंग बूथ अति संवेदनशील

हरियाणा पंचायत चुनाव : दूसरे चरण के 9 जिलों में वोटिंग कल, चुने जाएंगे पंच और सरपंच, 1023 पोलिंग बूथ अति संवेदनशील
X
9 जिलों, अम्बाला, चरखी दादरी, गुरुग्राम, करनाल, कुरुक्षेत्र, रेवाड़ी, रोहतक, सिरसा और सोनीपत के 57 ब्लॉक में 2683 सरपंच और 25,655 पंच पदों के लिए 12 नवंबर की सुबह मतदान शुरू हो जाएगा।

चंडीगढ़। हरियाणा में दूसरे चरण के लिए सरपंच और पंच पदों के चुनाव के लिए मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 9 जिलों, अम्बाला, चरखी दादरी, गुरुग्राम, करनाल, कुरुक्षेत्र, रेवाड़ी, रोहतक, सिरसा और सोनीपत के 57 ब्लॉक में 2683 सरपंच और 25,655 पंच पदों के लिए 12 नवंबर को मतदान होगा।

राज्य निर्वाचन आयुक्त धनपत सिंह ने कहा कि जिन 9 जिलों में दूसरे चरण का मतदान होने जा रहा है, उन जिलों में सुरक्षा से लेकर अन्य सभी सुविधाओं से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी सम्बन्धित ज़िला उपायुक्तों , पुलिस अधीक्षकों तथा पर्यवेक्षकों को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से मतदान करवाने के लिये आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इसके साथ-साथ संवेदनशील, अति संवेदनशील पोलिंग बूथों पर सामान्य पोलिंग बूथ से ज्यादा पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी पोलिंग बूथ पर पीने के पानी, बिजली व विकलांग मतदाताओं के लिए व्हील चेयर आदि की व्यवस्था करवाई गई है।

पंच और सरपंच पद के मतदान के नतीजे चुनाव के बाद मतगणना होते ही घोषित कर दिए जाएंगे। वहीं दूसरे चरण के पंचायत समिति सदस्यों व जिला परिषद समिति सदस्यों का मतदान 9 नवंबर को संपन्न हो चुका है। इन चुनावों के नतीजे सभी 22 जिलों में पंचायत समिति सदस्यों व जिला परिषद सदस्यों के चुनाव संपन्न होने के बाद 27 नवम्बर को मतगणना के बाद घोषित किए जाएंगे।

दूसरे चरण में 48 लाख 67 हजार 132 मतदाता

धनपत सिंह ने बताया कि दूसरे चरण के 9 जिलों में कुल 48 लाख 67 हजार 132 मतदाता हैं। इनमें 25 लाख 89 हजार 270 पुरुष, 22 लाख 77 हजार 795 महिलाएं और 67 अन्य शामिल हैं। इन 9 जिलों में कुल 5 हजार 963 पोलिंग स्टेशन हैं, इनमें से 976 संवेदनशील और 1023 अतिसंवेदनशील हैं।

"म्हारी पंचायत" पोर्टल पर नजर आएगी पंचायत चुनाव की गतिविधियां

इस बार के पंचायत चुनाव की गतिविधियां "म्हारी पंचायत" पोर्टल पर देखी जा सकेंगी। प्रदेश में कहीं भी इंटरनेट के माध्यम से म्हारी पंचायत पोर्टल को खोलकर मतदान प्रतिशत को देखा जा सकेगा। वहीं मतगणना के दिन ई-डैशबोर्ड पर नतीजों को देखा जा सकेगा। चुनावों के रूझान, मतदान प्रतिशत व अंतिम नतीजों को कोई भी घर बैठे पोर्टल पर देख सकता है।

Tags

Next Story