पूर्व सांसद रामजी लाल के भतीजे और रिटायर्ड IAS चंद्रप्रकाश की राजनीति में एंट्री, थामा कांग्रेस का दामन

चंडीगढ़। शनिवार को कांग्रेस में बंपर जॉइनिंग हुईं। पूर्व सांसद रामजी लाल के भतीजे और आईएएस अधिकारी रहे चंद्र प्रकाश ने भी रिटायरमेंट के बाद कांग्रेस का दामन थामा। वे 19 अक्टूबर को ही राज्य सूचना आयुक्त के पद से रिटायर्ड हुए हैं। पूर्व सांसद रामजी लाल भजनजाल परिवार के बेेहद करीबी थे। इनके अलावा अलग-अलग सामाजिक संगठनों के दर्जनों नेताओं ने पार्टी ज्वाइन की। कांग्रेस की श्रमिक शाखा इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) की सभा में यह जॉइनिंग करवाई गई।
इस मौके पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि इंटक कांग्रेस और समाज की रीढ़ है। क्योंकि यह मजदूर, किसान और छोटे व्यापारी की लड़ाई लड़ने वाला संगठन है। यही वो वर्ग है जो देश को चला रहा है। आज दिहाड़ीदार से लेकर मनरेगा मजदूर और मनरेगा मेट तक तमाम लोग उनके श्रम का मेहनताना नहीं मिलने से परेशान हैं। इसलिए मनरेगा को शुरू करने वाली कांग्रेस इनके अधिकारों को लेकर संजीदा है। हुड्डा ने ऐलान किया कि कांग्रेस सरकार बनने पर तमाम मनरेगा मेट को पक्का किया जाएगा और मनरेगा मजदूरी को बढ़ाकर मार्केट रेट के सामान किया जाएगा। साथ ही, कांग्रेस सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि मनरेगा मजदूरों को लगातार काम और मेहनताना मिलता रहे।
हुड्डा ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर बीजेपी द्वारा बंद किए गए तमाम स्कूलों को खोला जाएगा। हर स्कूल में टीचर्स की कमी को पूरा करने के लिए जेबीटी, टीजीटी, पीजीटी समेत खाली पड़े सभी 38,000 टीचर्स के पदों पर भर्ती होगी। तमाम विभागों के 1.82 लाख पदों पर पक्की भर्तियां की जाएंगी। एकबार फिर से दलित, पिछड़े व गरीब स्कूली बच्चों को देश में सबसे ज्यादा वजीफा दिया जाएगा। पिछली बार कांग्रेस सरकार ने एक ही कलम से 11000 सफाई कर्मियों की भर्ती की थी। अबकी बार उन सभी को पक्का किया जाएगा और नई भर्ती की जाएगी। ताकि हर गांव में सफाई व्यवस्था बेहतर हो सके।
परिवार पहचान पत्र के झमेले को खत्म करके स्वघोषित आय के आधार पर प्रत्येक बुजुर्ग को 6 हजार रुपये महीना यानी बुजुर्ग दंपत्ति को 12 हजार रुपये महीना पेंशन दी जाएगी। हर एक गरीब परिवार का राशन कार्ड बनवाया जाएगा। सभी योग्य परिवारों को राशन कार्ड और राशन मिलेगा। कांग्रेस सरकार बनने पर फिर से सौ-सौ गज के प्लॉट आवंटन की योजना को फिर से शुरू किया जाएगा। हर परिवार को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जाएगी। किसानों का जिक्र करते हुए हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर उन्हें बोनस के साथ एमएसपी दी जाएगी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS