अब पंचकूला से खाटू श्याम के लिए जल्द शुरू होगी रोडवेज बस सर्विस

अब पंचकूला से खाटू श्याम के लिए जल्द शुरू होगी रोडवेज बस सर्विस
X
परिवहन मंत्री ने कहा कि हरियाणा रोडवेज गरीब आदमी का जहाज है। इसमें आए दिन बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही हरियाणा रोडवेज के बेड़े में 550 इलेक्ट्रॉनिक बसों को शामिल किया जाएगा।

हरियाणा के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा (Moolchand Sharma) ने कहा कि खाटू श्याम के लिए जल्द ही पंचकूला से बस सर्विस शुरू की जाएगी। इसके लिए पंचकूला के महाप्रबंधक को रूट व बस निर्धारित करने के निर्देश दे दिए हैं। उन्होंने कहा कि खाटू श्याम के लिए रोहतक और जींद से पहले ही बस सर्विस शुरू की जा चुकी है।

परिवहन मंत्री ने कहा कि हरियाणा रोडवेज गरीब आदमी का जहाज है। इसमें आए दिन बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही हरियाणा रोडवेज के बेड़े में 550 इलेक्ट्रॉनिक बसों को शामिल किया जाएगा। मूलचंद शर्मा ने कहा कि हरियाणा परिवहन विभाग लगातार बेहतर से बेहतर सेवा देने के लिए तत्पर है।

वहीं परिवहन मंत्री ने परिवहन, खनन और भूविज्ञान, कौशल विकास और औद्योगिक प्रशिक्षण और चुनाव विभाग को 13 से 15 अगस्त तक झंडा फहराने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि देश आजादी का 75वां अमृत महोत्सव मना रहा है। यह अमृतकाल दोबारा लौटकर आने वाला नहीं है। इसके चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर-घर तिरंगा अभियान की शुरूआत की है। इस अभियान में सभी विभागों को अपना योगदान देते हुए आज से ही तिरंगा फहराना चाहिए।

मूलचंद शर्मा ने कहा कि 13 से 15 अगस्त तक हर घर में तिरंगा फहराना चाहिए। इस अभियान में हर व्यक्ति को सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। इस अवसर पर पूरा प्रदेश तिरंगामय होगा। जिस तरह हम त्यौहारों को धूम-धाम से मनाते हैं, हमें स्वतंत्रता दिवस को भी ऐसे ही मनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह अभियान नागरिकों के दिलों में देशभक्ति की भावना पैदा करने के साथ ही राष्ट्रीय ध्वज के प्रति जागरूकता बढ़ाने का काम भी करेगा। मूलचंद शर्मा ने कहा कि तिरंगा आसानी से उपलब्ध करवाया जा रहा है। कोई भी व्यक्ति तिरंगे को सम्मान के साथ अपने घर व अन्य स्थानों पर फहरा सकता है।

Tags

Next Story