Haryana : श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय का भव्य परिसर बनकर तैयार

- मुख्यमंत्री मनोहर लाल करेंगे विश्वविद्यालय के नए परिसर का लोकार्पण
- विश्वविद्यालय परिसर में कार्यक्रम की तैयारियां पूरी
Haryana : हरियाणा के युवाओं को हुनरमंद बनाने के उद्देश्य से स्थापित किया गया श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय का परिसर जिला पानीपत के दुधौला गांव में 82.7 एकड़ में बनकर तैयार हो गया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल सोमवार को इस परिसर का लोकार्पण करेंगे। विवि कुलपति डॉ. राज नेहरू ने बताया कि यह 426 करोड़ रुपए की परियोजना है, जिस पर अभी तक 357 करोड़ रुपए खर्च हो चुके हैं। यह तीन चरण में बनने वाली कुल 1000 करोड़ की परियोजना है। लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ-साथ केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, हरियाणा के परिवहन एवं उच्च शिक्षा मंत्री मूलचंद शर्मा व विधायकगण विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
डॉ. राज नेहरू ने बताया कि मुख्यमंत्री 10 ब्लॉक का लोकार्पण करेंगे। इनमें 6 शैक्षणिक ब्लॉक हैं, जिनमें 69 क्लास रूम हैं और अधिकतर स्मार्ट क्लास रूम हैं। इनमें कंप्यूटर लैब भी हैं। एक प्रशासनिक भवन का भी लोकार्पण किया जाएगा, इसका नाम तक्षशिला रखा गया है। इसके अलावा, एक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बन कर तैयार हो गया है। इसमें लैब, सोलर लैब, एडवांस्ड इलेक्ट्रिक लैब, इलेक्ट्रोनिक लैब, वेल्डिंग लैब हैं। इसके अलावा छात्र एवं छात्राओं के लिए 2 छात्रावास बन कर तैयार हो गए हैं। इनमें 500-500 बेड की क्षमता है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में 1.2 मेगा वाट का सोलर प्लांट लगाया गया है। साथ ही एसटीपी भी स्थापित किया जा रहा है। जल शोधन करके उसे कृषि और बागवानी में इस्तेमाल किया जाएगा। साथ ही वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम भी लगाया गया है। उन्होंने कहा कि श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय 42 प्रोग्राम चला रहा है और कई शॉर्ट टर्म कोर्स भी चलाए जा रहे हैं। कैंपस प्लेसमेंट 81 प्रतिशत पर पहुंच गई है और अधिकतर विद्यार्थी उद्यमी बन रहे हैं। अफ्रीका और जापान सहित कई देशों के प्रतिनिधिमंडल भ्रमण के लिए आ चुके हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS