Haryana Weather : 9 दिसम्बर तक रात के समय बढ़ेगी ठंड, 10 को छाएंगे बादल, जानें- मौसम का हाल

सुरेन्द्र असीजा/फतेहाबाद।
बारिश व धुंध के बाद जैसे ही प्रदेश में मौसम खुला तो रात को तापमान कम होने के साथ ठंड पड़नी शुरू हो गई। दिन में तेज धूप व रात में बढ़ती ठंड का लोगों का सेहत पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री गिरावट आने से दिन और रात के तापमान में काफी अंतर आ गया है। मौसम विभाग के अनुसार 10 दिसम्बर तक मौसम खुश्क रहेगा और रात के तापमान में ओर गिरावट आएगी। इन दिनों धुंध भी पड़ेगी।
पिछले कई दिनों से बारिश व धुंध के बाद अब धूप पड़नी शुरू हो गई है। दिन में धूप तो रात को तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे रात को तेज ठंड व दिन में गर्मी जैसा फील होने से लोगों की सेहत पर काफी असर पड़ रहा है। दिन और रात के तापमान में काफी अंतर आने से लोगों को सर्दी-जुकाम, गला खराब होने जैसी बीमारियों ने जकड़ लिया है। इन दिनों नागरिक अस्पताल में मरीजों की संख्या दोगुना हो गए है। हालांकि इनमें चीनी वारस इन्फ्लूएंजा का कोई मरीज नहीं आया है।
हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार 10 दिसम्बर तक मौसम खुश्क रहेगा। रात को ठंड पड़ने से तापमान में 2 डिग्री ओर गिरावट आएगी। रात्रि का तापमान 6 डिग्री और दिन का तापमान 21 से 23 डिग्री के बीच बना रहेगा। 9 दिसम्बर की रात को हलके बादल छाने से तापमान में बढ़ोतरी होगी। मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदनलाल खिचड़ के अनुसार जब-जब मौसम साफ होगा, तापमान में गिरावट आएगी। बादल आने के बाद तापमान में बढ़ोतरी होगी। इस दौरान सुबह धुंध रहेगी। अभी बारिश की कोई संभावना नहीं है।
गेहूं, आलू सहित अनेक फसलों के लिए फायदेमंद है यह मौसम
सर्दी का बढ़ना रबी सीजन की फसल के लिए लाभकारी माना जा रहा है, विशेषकर गेहूं की फसल के लिए यह मौसम काफी अनुकूल है। मौसम में आए बदलाव से किसान राहत महसूस कर रहे हैं। सुबह और शाम ओस गिरने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। रात के तापमान में आई गिरावट से सर्दी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। कृषि के जानकारों का कहना है कि अगर सर्दी के साथ कोहरा भी बढ़ता है तो यह सरसों की फसल के लिए नुकसानदायक हो सकता है। कोहरा छाने से रात व सुबह के तापमान में गिरावट आती है। इससे रबी फसल की दर बढ़ती है। इसके पूर्व दिन व रात के तापमान में 'यादा अंतर रहने से लगाई जा रही फसल का सही अंकुरण नहीं हो पा रहा था। तापमान अधिक रहने के कारण कुछ किसान की आलू की फसल अंकुरण आने के बाद भी खराब हो रही थी। कोहरा छाने से रात व सुबह का तापमान गिरने से फसल का अंकुरण अच्छा होगा जिसका लाभ किसान को मिलेगा। दिन का तापमान लगभग सामान्य रहने से किसी प्रकार के नुकसान की कोई संभावना नहीं है। कृषकों का कहना है कि इस तरह का मौसम इस समय खेती-किसानी के लिए फायदेमंद होता है। खासकर चना, गेहूं, मटर, आलू, टमाटर आदि की फसल को इस सर्दी से फायदा होगा।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS