हरियाणा करेगा खेलो इंडिया यूथ गेम्स- 2021 की मेजबानी, 21 नवंबर से 5 दिसंबर तक होगा आयोजन

Haribhoomi News : खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021' के चौथे संस्करण का आयोजन हरियाणा के पंचकूला, अंबाला, शाहबाद तथा दिल्ली व चंडीगढ़ में 21 नवंबर से 5 दिसंबर, 2021 तक किया जाएगा, जिनमें अंडर-18 कैटेगरी के खेल आयोजित किए जाएंगे। साथ ही, ब्रिक्स गेम्स 2021 के कुछ खेलों का भी आयोजन खेलो इंडिया के साथ करवाया जाएगा। ब्रिक्स देशों में ब्राज़ील, रूस, भारत, चीन तथा दक्षिण अफ्रिका शामिल हैं।यह निर्णय हरियाणा के मुख्य सचिव विजय वर्धन की अध्यक्षता में खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 के लिए गठित कार्यकारी समिति की पहली बैठक में लिया गया। सत्य नारायण मीणा, सीनियर डायरेक्टर, खेलो इंडिया, भारतीय खेल प्राधिकरण भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
मुख्य सचिव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इन खेलों के आयोजन से संबंधित आधारभूत संरचना के निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए। सभी संबंधित विभाग आपसी तालमेल के साथ इन खेलों को सफलतापूर्वक आयोजन करवाएं। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि खेलो इंडिया गेम्स के लॉन्च समारोह का आयोजन कोविड-19 के नियमों की अनुपालना करते हुए किया जाए। इस समारोह में प्रतिष्ठित खिलाडियों व जिन राज्यों के पारंपरिक खेलों का प्रदर्शन किया जाएगा, उन राज्यों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाए। इसके साथ ही, ब्रिक्स देशों के उच्चायुक्तों को भी इस समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाए। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया गेम्स के लिए हरियाणा सरकार की ओर से सर्वश्रेष्ठ प्रबंध किए जाएं।
25 प्रकार के खेलों का आयोजन किया जाएगा
बैठक में ओएसडी, खेलो इंडिया पंकज नैन ने बताया कि हरियाणा में होने वाले इन खेलों में 25 प्रकार के खेलों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें पाँच पारंपरिक खेल जैसे गतका, कलारीपयट्टू, थांग-ता, मलखंभ और योग शामिल हैं। इन खेलों में देश व विदेशों से खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। उन्होंने बताया कि 'खेलो इंडिया यूथ गेम्स -2021' में लगभग 8500 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। इसके अलावा, स्पोर्टस एक्स्पो भी आयोजित किया जाएगा। इन खेलों का आयोजन हरियाणा सरकार और भारतीय खेल प्राधिकरण (साई), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा।
भव्य आयोजन किया जाएगा
बैठक में बताया गया कि जल्द ही खेलो इंडिया गेम्स के लॉन्च समारोह का आयोजन भी किया जाएगा। इसके अलावा, 'खेलो इंडिया यूथ गेम्स -2021' के चौथे संस्करण का शुभारंभ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि खेलों के आयोजन के लिए बहुउद्देशीय हॉल, मैदान, ट्रैक इत्यादि के मरम्मत और नव निर्माण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। खिलाडिय़ों के ठहरने व खाने-पीने के उचित प्रबंध किए जा रहे हैं। बैठक के दौरान सत्य नारायण मीणा ने आश्वासन दिया कि भारतीय खेल प्राधिकरण खेलों के आयोजन में पूर्ण सहयोग देगा। प्राधिकरण निरंतर हरियाणा सरकार के साथ संपर्क बनाए हुए है और संयुक्त रूप से खेलो इंडिया का सफलतापूर्वक भव्य आयोजन होगा।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS