पत्नी के प्रेम संबंधों में पति की हत्या : हिसार के डोभी गांव में मर्डर, महिला सहित 3 आरोपी रोहतक से गिरफ्तार, शातिर तरीके से दिया था अंजाम

पत्नी के प्रेम संबंधों में पति की हत्या : हिसार के डोभी गांव में मर्डर, महिला सहित 3 आरोपी रोहतक से गिरफ्तार, शातिर तरीके से दिया था अंजाम
X
हिसार के डोभी गांव मर्डर मामले में पुलिस ने 48 घंटे में आरोपियों को पकड़ लिया है। हत्या के आरोप में पकड़े गए तीनों आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। आरोपियों को कल अदालत में पेश किया जाएगा।

हरिभूमि न्यूज : हिसार

हिसार के डोभी गांव मर्डर मामले में पुलिस ने 48 घंटे में आरोपियों को पकड़ लिया है। हत्या के आरोप में पकड़े गए तीनों आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। आरोपियों को कल अदालत में पेश किया जाएगा। उप पुलिस अधीक्षक कप्तान सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपियों ने गत रात्रि गांव डोभी निवासी सुनील कुमार के घर में घुसकर चाकू और डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था जिस कारण उसकी मौत हो गई थी। बीच बचाव करने आए सुनील के पिता रामकुमार और माता बिमला को भी आरोपियों ने चोटे मारी थी। पुलिस ने गांव डोभी निवासी अनिल की शिकायत पर मामला दर्ज किया था।

डीएसपी ने बताया कि आरोपी पूरी तैयारी के साथ चाकू और डंडे अपने साथ लेकर आए थे कि अगर कोई झगड़ा हुआ तो डटकर मुकाबला करेंगे। हत्या मामले में कुल पांच आरोपी शामिल थे। पुलिस ने तीन आरोपियों अतुल, प्रकाश पंडित और मनीषा को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी अभिषेक गुप्ता और वीरेंद्र कारीगर की गिरफ्तारी बाकी है उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। अतुल मुंबई में मसाले की कंपनी में काम करता है। पुलिस द्वारा रोशनी के हत्या की वारदात में शामिल होने के बारे में जांच की जाएगी। अगर वो भी हत्या मामले में शामिल पाई गई तो उसके खिलाफ भी नियमनुसार कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों से पूछताछ जारी है आरोपियों को रविवार को अदालत में पेश किया जाएगा।

डीएसपी कप्तान सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बिहार के अतुल के साथ मृतक सुनील की पत्नी रोशनी का अफेयर था। नवंबर 2021 में रोशनी के घरवालों ने रोशनी की शादी डोभी निवास सुनील के साथ कर दी थी। इसी दौरान अतुल ने दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर की, कि रोशनी उसकी पत्नी है जिसको गांव डोभी में सुनील द्वारा जबरदस्ती रखा हुआ है। याचिका पर रोशनी को हाई कोर्ट दिल्ली में पेश किया गया जहा रोशनी ने सुनील के साथ रहने के पक्ष में अपने बयान दिए और उसके बाद से रोशनी सुनील के साथ ही रही थी। इसी दौरान अतुल फेसबुक पर पोस्ट डालता रहता था कि रोशनी उसकी पत्नी है और वह उसे हर हालत में पाकर रहेगा।

चूड़ी बेचने के बहाने की घर की रैकी

इसी बीच अतुल ने अंबेनगर, मुंबई निवासी प्रकाश पंडित नामक व्यक्ति से दोस्ती हो गई। प्रकाश पंडित ने अहमदाबाद निवासी मनीषा से प्रेम विवाह किया था और वह उसके साथ मुंबई में ही रहती थी। प्रकाश पंडित को मनीषा के घरवालों से खतरा था। अतुल ने योजनानुसार प्रकाश पंडित और मनीषा को अपने चंगुल में फसाया। अतुल ने दोनों को कहा कि तुम गांव डोभी, हरियाणा चले जाओ वहा मनीषा के घरवालों से तुम्हें कोई खतरा नहीं होगा। अतुल ने दोनों को गांव डोभी भेज दिया और कहा की तुम रोशनी का पता करो, जो भी वहां तुम्हारा खर्चा होगा उसे वह वहन करेगा। प्रकाश पंडित और मनीषा गांव डोभी आ गए और चूड़ी बेचने का काम करने लगे व घर घर जाकर रोशनी की तलाश करने लगे। इसी दौरान उन्हें रोशनी के घर का पता चल गया। पहले मनीषा रोशनी से मिली और बाद में दोनों ने 3 से 4 बार रोशनी से मुलाकात की। इसके बारे में उन्होंने अतुल को बताया व अतुल दो बार गांव डोभी आया। अतुल ने गांव डोभी व आस पास के इलाके को अच्छे से रेकी की।

रेकी के बाद अतुल, प्रकाश पंडित व मनीषा ने 4 अगस्त को रोशनी को डोभी से ले जाने की योजना बनाई। अतुल ने योजना के तहत दो और व्यक्तियों अभिषेक गुप्ता और वीरेंद्र कारीगर को अपने साथ मिलाया। ये दोनों दिल्ली स्थित किसी कंपनी में काम करते हैं। योजनानुसर अतुल, अभिषेक गुप्ता और वीरेंद्र कारीगर गाड़ी और स्कूटी पर सवार हो रात करीब 11 बजे बालसमन्द आए। उन्होंने वही प्रकाश पंडित और मनीषा को बुलाया। रात करीब 2 बजे ये सभी रोशनी के घर गए। घर पहुंचने पर उन्होंने रोशनी को उठाया और उसे साथ ले जाने लगे। रोशनी के पति सुनील और उसके साथ ससुर नींद से जाग गए। जिस पर अतुल और उसके साथियों में उनके साथ मारपीट की। सुनील के विरोध करने पर अतुल ने सुनील पर चाकू से कई वार किए और डंडों से गंभीर चोटें मारी। गंभीर चोटों के कारण सुनील की मौत हो गई तथा सुनील के माता पिता गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस कार्रवाई के दौरान उप निरीक्षक रमेश कुमार अपनी टीम के साथ आरोपियों का पीछा करते हुए रोहतक पहुंचे। रोहतक रेलवे स्टेशन के पास से अतुल, प्रकाश पंडित व मनीषा को काबू किया गया और उनके पास से रोशनी को छुड़वाया।

Tags

Next Story