Bhiwani : हिसार-तिरुपति सुपरफास्ट रेलगाड़ी की हुई शुरूआत, खाटू श्याम व महाकाल के करवाएगी दर्शन

Bhiwani : हिसार-तिरुपति सुपरफास्ट विशेष रेलगाड़ी शनिवार सांय 4 बजकर 50 मिनट पर जैसे ही लोहारू जंक्शन पर पहुंची तो लोहारू जंक्शन के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया। रेलगाड़ी के संचालन से लोहारू जंक्शन दक्षिण भारत के तिरुपति जंक्शन (तमिलनाडु) से सीधे तौर से जुड़ गया। जंक्शन पर पहुंची सुपरफास्ट रेलगाड़ी (Train) का लोहारू व्यापार मंडल सहित अनेक गणमान्य लोगों ने स्वागत किया।
बता दें लोहारू जंक्शन आजादी से पूर्व के रेलवे स्टेशनों में से एक है और रेवाड़ी बीकानेर रेलवे ट्रैक पर स्थित है। मीटर गेज के दौर में इस लोहारू जंक्शन से होकर करीब तीन दर्जन रेलगाड़ियां गुजरती थी। ब्राडगेज में कनवर्जन के बाद वर्तमान में इस रेलवे जंक्शन से गुजरने वाली रेलगाड़ियों की संख्या 44 हो गई है। यहीं नहीं, लोहारू जंक्शन से देश की राजधानी दिल्ली, कलकता, कामाख्या, प्रयागराज, भटिंडा और मुंबई तक सीधी रेलगाड़ियां है। शनिवार से तिरुपति से डहर का बालाजी तक चलने वाले रेलगाड़ी को हिसार तक विस्तार करने के बाद पहली बार सुपरफास्ट रेलगाड़ी संख्या 09715 अपने निर्धारित समय से दो मिनट देरी से 16:50 बजे लोहारू जंक्शन पहुंची। व्यापार मंडल प्रधान धनपत सैनी, सचिव संजय खंडेलवाल, रतन अग्रवाल सहित अन्य लोगों ने रेलगाड़ी का स्वागत करते हुए पायलट सैनी और को-पायलट शंभूसिंह का स्वागत किया।
लोगों ने कहा कि इस रेलगाड़ी से उज्जैन महाकाल के श्रद्धालुओं के साथ- साथ तिरुपति जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा होगी। लोगों ने बालासौर में हुए रेल हादसे पर गहरी संवेदना प्रकट की। इस रेलगाड़ी के विस्तार सहित रेलवे सुविधाओं की मांग को लेकर पार्षद प्रतिनिधि बंटी तायल ने कृषि मंत्री जेपी दलाल को दो माह पहले ज्ञापन भी सौंपा था।
दिल्ली, मुंबई, कोलकाता के बाद अब दक्षिण भारत से जुड़ा लोहारू जंक्शन
स्टेशन अधीक्षक महिपाल सिंह ने बताया कि तिरूपति से डहर का बालाजी तक चलने वाली साप्ताहित रेलगाड़ी संख्या 09715 व 09716 का विस्तार हिसार तक किया गया है। यह रेलगाड़ी प्रत्येक शनिवार को हिसार से दोपहर 2:10 बजे रवाना होकर 3:20 सादुलपुर, 4:48 बजे लोहारू जंक्शन, 5:17 बजे चिड़ावा, 5:41 बजे झुंझुनू, 6:20 बजे नवलगढ़, 6:40 बजे सीकर जंक्शन, 7:35 बजे रिंगस जंक्शन, रात्रि 9:40 बजे जयपुर जक्शन, रात्रि 1:15 बजे कोटा, सुबह 4:30 बजे नागदा जंक्शन, 5:35 बजे उज्जैन और अगले दिन सोमवार सुबह 9 बजे तिरूपति पहुंचेगी। वहीं वापसी में प्रत्येक मंगलवार को यह रेलगाड़ी तिरूपति से सांय 4 बजे रवाना होकर बुधवार रात्रि 9 बजे उज्जैन, रात्रि 10:45 बजे नागदा जंक्शन, वीरवार सुबह 5:45 बजे जयपुर पहुंचेगी। इसके अलावा वीरवार को सुबह 6:45 बजे रिंगस, 7:50 बजे सीकर, 8:20 बजे नवलगढ़, सुबह 9:08 बजे झुंझुनू, 9:32 बजे चिड़ावा, 10:20 बजे लोहारू जंक्शन, 11 बजे सादुलपुर और दोपहर 1 बजे हिसार स्टेशन पहुंचेगी।
यह भी पढ़ें - Panipat : सीनियर डिप्टी मेयर के घर के सामने गाड़ा खूंटा, बांधा गोवंश
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS