रोहतक का खूनी खेल : माता-पिता, बहन और नानी की हत्या के बाद होटल में जाकर की पार्टी

हरिभूमि न्यूज : रोहतक
माता-पिता, बहन और नानी की मौत के बाद भी अभिषेक के चेहरे पर कोई भाव दिखाई नहीं दे रहा था। उसने वारदात के बाद अपने माता पिता, और बहन के शव काे मुखाग्नि तक नहीं दी, जिससे लोग उस पर शक कर रहे थे। वारदात के बाद वह अपने दोस्तों के साथ पार्टी करने भी चला गया था। इसके अलावा अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर उसने शोक संदेश में लिखा कि उसके माता पिता और बहन की मौत हो गई है। उनकी तेरहवीं एक सितम्बर को विजय नगर में मनाई जाएगी। उसने संदेश में यह भी लिखा है कि भगवान की यही मर्जी थी। लेकिन जिस दिन उसे तेरहवीं में परिवार के मुखिया के तौर पर पगड़ी पहनाई जानी थी, उसी दिन उसके हाथ में हथकड़ी लगी हुई थी।
पिता ने चलानी सिखाई थी बंदूक : इंस्टाग्राम पर डाले गए फोटो में प्रदीप पहलवान ही अपने बेटे को पिस्टल चलाना सिखा रहा है। पहलवान को भी हथियारों से अधिक प्रेम था और उसके साथ कई हथियारबंद लोग मौजूद रहते थे। इसी वजह से उसके बेटे के मन में हथियारों का शौक बढ़ता चला गया।
हत्या के बाद दहाड़े मार कर रोया था अभिषेक : शुक्रवार को वारदात के दिन वह अपने माता पिता, नानी के शव देखकर वह दहाड़े मार कर रोया था और कहा था कि पापा मम्मी उसे भी अपने साथ क्यों नहीं ले गए। लेकिन वारदात के बाद जब वह होटल में जाता है तो उसके चेहरे कोई शोक देखने को नहीं मिला, जिसकी वजह से उसके दोस्तों को भी अंदाजा नहीं हो सका कि वह इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देकर आया है। वह होटल में कैमरे में कैद हुआ था।
फिर याद आया हिसार का रेलूराम पुनिया हत्याकांड : प्रदीप मलिक और उसके परिवार की हत्या के बाद एक बार फिर से 20 साल पहले हिसार में हुआ विधायक रेलूराम पुनिया हत्याकांड चर्चा में है। सोशल मीडिया पर लोग इस वारदात की तुलना रेलूराम हत्याकांड से कर रहे हैं। प्रॉपर्टी की चाहत के लिए विधायक रेलूराम पुनिया समेत उनके परिवार के 8 लोगों की हत्या कर दी गई थी। जिसमें उनकी बेटी सोनिया व दामाद संजीव सजा काट रहे हैं। 23 अगस्त 2001 को सोनिया व संजीव ने उकलाना के लितानी में विधायक रेलूराम पुनिया, उनकी पत्नी कृष्णा, बेटी प्रियंका, बेटा सुनील, बहू शकुंतला, पोते लोकेश, पोती शिवानी और प्रीती हत्या कर दी थी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS