साइबर अपराधियों के हौसले बुलंद : HSSC में फार्म अप्लाई करने वाले उम्मीदवार की आईडी का पासवर्ड हैक कर दस्तावेजों में बदलाव किया

साइबर अपराधियों के हौसले बुलंद : HSSC में फार्म अप्लाई करने वाले उम्मीदवार की आईडी का पासवर्ड हैक कर दस्तावेजों में बदलाव किया
X
उम्मीदवार दो भर्तियों से वंचित रह गया। पुलिस ने युवक की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हरिभूमि न्यूज :. जींद

साइबर अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (Haryana Staff Selection Commission) में फार्म अप्लाई करने वाले उम्मीदवार की आईडी का पासवर्ड हैक कर दस्तावेजों में बदलाव कर दिया। जिसके चलते उम्मीदवार दो भर्तियों से वंचित रह गया। पुलिस ने युवक की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि युवक दो भर्तियों में नौकरी से वंचित रहने के बाद भी हरियाणा पुलिस में कांस्टेबल के पद पर चयनित हुआ है।

गांव बीबीपुर निवासी अमित कुमार ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वर्ष 2019 में हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा निकाली गई सिविल इंजीनियर की भर्ती के लिए आवेदन किया था। आवेदन के दौरान उसने ईडब्ल्यूएस का प्रणाम पत्र, दसवीं व बाहरवीं की अंक तालिका, सिविल इंजीनियर का डिप्लोमा, डोमिसाइल सर्टिफिकेट, जाब नहीं होने का प्रमाण पत्र, पिता की मृत्यु प्रमाण लगाया हुआ था। इसमें उसके पिता की मृत्यु व नौकरी नहीं होने के कारण पांच अंक मिलने थे लेकिन किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी आवेदन आइडी के पासवर्ड को हैक करके उसके पिता की मृत्यु वाले कॉलम को ही बदल दिया। इस भर्ती में 60 अंक वाले उम्मीदवार का चयन हुआ जबकि उसके 56 अंक थे। अगर उसको सरकार के नियमानुसार उसके पिता की मृत्यु प्रमाण पत्र के पांच अंक मिल जाते तो उसका चयन हो जाता। इसके बाद उसने दोबारा हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा हरियाणा पुलिस में निकाले गए उप निरीक्षक की भर्ती में भी आवेदन किया। इसमें भी अज्ञात ने आइडी के पासवर्ड को हैक करके उसके पिता की मृत्यु वाले कॉलम में नो कर दिए और उसके परिवार में नौकरी के कालम में यस कर दिया। इसके चलते वह इस भर्ती से भी वंचित रह गया। बाद में उसने हरियाणा कांस्टेबल की भर्ती के लिए आवेदन किया और इसमें उसका चयन हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए इस मामले की जांच डीएसपी रवि कुमार को जांच दी गई। जांच के बाद सदर थाना पुलिस को मामला दर्ज करने के आदेश दिए।

सदर थाना के जांच अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि युवक ने आईडी का पासवर्ड हैक कर दस्तावेजों से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए शिकायत दी थी। जिसके आधार पर अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया गया है।

Tags

Next Story