जींद में बंदी की मौत पर परिजनों ने सामान्य अस्पताल में जमकर बवाल काटा

हरिभूमि न्यूज : जींद
जिला कारागार में शनिवार को बंदी की मौत पर परिजनों ने सामान्य अस्पताल में जमकर बवाल काटा। परिजनों ने आरोप लगाया कि जेल प्रशासन की लापरवाही के चलते बंदी की मौत हुई है। वहीं, जेल प्रशासन का कहना था कि सीने में दर्द होने पर सामान्य अस्पताल में बंदी को ले जाया गया था। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक बंदी का ज्यूडिशयल मजिस्ट्रेट की देखरेख में पोस्टमार्टम करवाया गया और जिसकी बकायदा वीडियोग्राफी भी करवाई गई। परिजनों के अलावा जेल कर्मियों, जेल चिकित्सक के भी बयान मजिस्ट्रेट ने दर्ज किए। जिसके बाद शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों के हवाले कर दिया और बिसरे को जांच के लिए लैबोरेटरी भेज दिया। पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के परिजनों के तेवरों को देखते हुए सामान्य अस्पताल में भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दीदार नगर कुरूक्षेत्र निवासी हवा सिंह (50) को शहर थाना नरवाना पुलिस ने 25 सितम्बर को नशा तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया था। जो पिछले लगभग तीन माह से जिला कारागार में बंद था। शनिवार सुबह जेल वार्डनों द्वारा उसे सामान्य अस्पताल में लाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जेल अधिकारियों का कहना था कि हवा सिंह को सुबह सीने में दर्द हुआ था, जिसे पहले जेल स्थित अस्पताल ले जाया गया। हालात में सुधार न होने पर उसे सामान्य अस्पताल रेफर किया गया था। घटना की सूचना पाकर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालातों का जायजा लिया। हवा सिंह की मौत की सूचना परिजनों को दी गई। आशंका जताई जा रही है कि हवा सिंह की मौत ह्रदय गति रुकने से हुई है। चिकित्सक बोर्ड से मृतक के शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया और बिसरे को जांच के लिए लैबोरेटरी भेज दिया गया।
ज्यूडिशयल मजिस्ट्रेट की देखरेख में हुआ पोस्टमार्टम, करवाई वीडियोग्राफी
बंदी हवा सिंह की मौत पर ज्यूडिशयल मजिस्ट्रेट शिवानी राणा सामान्य अस्पताल पहुंची। उन्होंने हालातों का जायजा लिया। जेल के वार्डनों तथा चिकित्सक के बयान दर्ज किए, वहीं परिजनों के भी बयानों को कलमबद्ध किया। उन्हीं की देखरेख में चिकित्सक बोर्ड द्वारा शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। जिसकी बकायदा वीडियोग्राफी भी करवाई गई।
परिजनों ने जेल प्रशासन पर लगाए आरोप, की नारेबाजी
बंदी हवा सिंह की मौत की सूचना पाकर परिजन व रिश्तेदार सामान्य अस्पताल पहुंचे। मृतक के चाचा रोशन ने बताया कि शुक्रवार को हवा सिंह से फोन पर बातचीत हुई थी। अचानक हवा सिंह की मौत उन्हें संदेह पैदा कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर हवा सिंह के सीने में दर्द था तो उसे तुरंत उपचार क्यों नहीं दिलाया। जेल प्रशासन की लापरवाही के कारण हवा सिंह की मौत हुई है। इस दौरान परिजनों ने सामान्य अस्पताल में जेल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की।
सिविल लाइन थाना प्रभारी हरिओम ने बताया कि ज्यूडिशयल मजिस्ट्रेट की देखरेख में मृतक बंदी का चिकित्सक बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया है। जिसकी बकायदा वीडियोग्राफी करवाई गई है। ज्यूडिशयल मजिस्ट्रेट ने ब्यान भी कलमबद्ध किए हैं। मृतक के बिसरे को जांच के लिए लैबोरेटरी भेज गया है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS