हिसार : गिरफ्तारी के विरोध में रामायण टोल पर किसानों ने तीन दिन से लगा रखा जाम, राकेश टिकैत ने सरकार को दी यह चेतावनी

हरिभूमि न्यूज : हांसी ( हिसार)
टोहाना जेजेपी विधायक देवेंद्र बबली और आंदोलनकारी किसानों के बीच चल रहे विवाद ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। इस मामले में पुलिस द्वारा किसानों के खिलाफ दर्ज किए मुकदमे वापिस लिए जाने की मांग को लेकर किसानों ने रामायण टोल प्लाजा पर जाम लगा रखा है। इस जाम में सैकड़ों वाहन फंसे हैं जिनमें कई फैक्ट्रीयों, कंपनियों के ट्रक, ट्रोले भी शामिल हैं। रामायण टोल प्लाजा पर चल रहे इस बवाल में किसान नेता राकेश टिकैत भी मौजूद हैं।
टोहाना से जेजेपी विधायक बबली और आंदोलनकारी किसानों के बीच चल रहे विवाद के चलते पुलिस ने हिसार जिले के कई किसानों को टोहाना में गिरफ्तार कर लिया था। प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी के विरोध में किसानों ने हांसी के पास दिल्ली हिसार रोड पर स्थित रामायण टोल प्लाजा पर नेशनल हाइवे को तीन दिन से जाम कर रखा है। 24 किसानों को हिरासत में लेने के बाद गुरुवार सुबह छोड़ दिया गया। इस केस में तीन किसान नेताओं हिसार जिले के गांव सीसर निवासी विकास, भिवानी जिले के बहल निवासी एवं भाकियू के युवा प्रदेशाध्यक्ष रवि आजाद और सिरसा जिला निवासी विकल पचार को नामजद किया है। इनमें से विकास व रवि आजाद को हिसार जेल भेजा गया है। किसानों की मांग है कि जब तक सभी किसानों को रिहा नहीं किया जाता तब तक वे जाम नहीं खोलेंगें।
किसान नेता राकेश टिकैत भी रामायण टोल पर मौजूद हैं। राकेश टिकैत ने कहा है कि जब तक किसान नेताओं को रिहा नहीं किया जाता किसान टोल नहीं खोलेंगे। वह खुद रामायण टोल पर मौजूद रहेंगे। मंगलवार को किसानों ने टोहाना के विधायक बबली का विरोध किया था। जिसमें दोनों पक्षों के बीच मामला बढ़ गया था और मामला गाली गलौच तक पहुंच गया था। विधायक ने तैश में आकर प्रदर्शनकारियों को गाली दी थी और किसानों के खिलाफ मुकदमे दर्ज करवाए थे। जिसके बाद आंदोलनकारी किसान नाराज हो गए थे और बुधवार को उनसे माफी मंगवाने के लिए टोहाना के लघु सचिवालय पहुंचे थे। फतेहाबाद पुलिस ने सैकड़ों किसानों को गिरफ्तार कर लिया, जिसमें हिसार जिले के भी काफी किसान शामिल थे। उनको गिरफ्तार करके फतेहाबाद के सदर थाना ले जाया गया। गिरफ्तारी की सूचना के बाद किसानों ने हिसार दिल्ली मार्ग पर रामायण टोल प्लाजा पर और जींद हांसी मार्ग पर माजरा प्याऊ के पास जाम लगाया।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS