हरियाणा पुलिस के इन घटनाओं से छूटे पसीने, साल 2022 पुलिस के लिए चुनौतियां भरा रहा

रोहतक। साल 2022 पुलिस के लिए चुनौतियां भरा रहा। एटीएम कैश वैन से पौने तीन करोड़ की लूट जैसे मामलों ने हरियाणा पुलिस को चुनौती दी। जबकि आईएमटी ब्लास्ट मेें दूसरे साल भी कोई कामयाबी नहीं मिली। इस दौरान पुलिस ने कई नामी बदमाशाें को सलाखों के पीछे भेजकर कई वारदातों को होने से रोका। सांपला में पाइप लाइन से करोड़ों रुपये के तेल चोरी जैसे बड़े मामलों को भी सुलझाया। इसके अलावा रिटौली कबूलपुुर में हुई हत्याओं के मामले में आराेपितों को सलाखों के पीछे भेजा गया। 2021 में 70 लोगों की हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया जबकि 2022 में करीब 63 लोगों की हत्याएं हुई हैं। अब तक करीब 15 मामले अनट्रेस हैं।
कब कितनी हुई हत्याएं-
साल हत्या अनट्रेस
2021 70 05
2022 63 10
वर्ष हत्या के प्रयास अनट्रेस
2021 83 02
2022 60 04
वर्ष लूट अनट्रेस
2021 105 15
2022 67 22
चुनौती बनी पौने तीन करोड़ की लूट-
बदमाशों ने पुलिस को चुनौती देते हुए अप्रैल 2022 में दिनदहाड़े एटीएम वैन को लूट लिया था। गार्ड को गोली मारकर बाइक सवार दो बदमाश करीब पौने तीन करोड़ रुपये लेकर फरार हो गए थे। वे कई जगह कैमरे में भी कैद हुए। जींद एरिया से लेकर वे करनाल तक कैमरे में देखे गए। पुुलिस ने करनाल, असंध, जींद, पानीपत, सोनीपत जिलों में जामकर भी छानबीन की। मामले में आज तक कोई सुराग नहीं मिल पाया। इस मामले की जांच अभी भी जारी है। लेकिन आरोपित भूमिगत हो चुके हैं।
डेयरी संचालिका हत्याकांड बना पहेली-
गांव बोहर के पास स्थित लक्ष्मी नगर में जून 2021 में डेयरी संचालिका सुनीता का बेरहमी से कत्ल कर दिया गया था। महिला का गला तलवार से काटा गया था। बदमाश तलवार छोड़कर मौके से फरार हो गए थे। वारदात के समय महिला घर पर अकेली थी। उसका बेटा दूध सप्लाई के लिए गया हुआ था। रेकी कर वारदात को अंजाम दिया गया था। इस मामले में अर्बन एस्टेट थाना में केस दर्ज किया गया। कई लोगों को शक के दायरे में लेने के बाद भी पुलिस इससे पर्दा नहीं उठा सकी। इस मामले में एसटीएफ भी जांच कर रही है।
आईएमटी ब्लॉस्ट में दूसरे साल भी नहीं मिला सुराग-
31 जुलाई 2021 को खरावड़ के पास स्थित आईएमटी में नल के पास बम ब्लास्ट किया गया था। ब्लास्ट में खरावड़ का बुजुर्ग राजकुमार घायल हो गया था। उनकी एक आंख की रोशनी चली गई जबकि कई अंग क्षतिग्रस्त हो गए थे। इस मामले में रोहतक पुलिस के अलावा एनआईए की टीम भी जांच शुरू की थी। घायल बुजुर्ग समेत अन्य प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लिए गए। मोबाइल डंप उठाने से लेकर अन्य कई प्रयास किए गए, लेकिन ब्लास्ट के मास्टरमाइंड का पता आज तक नहीं चल पाया।
नाले में मिली महिला की नहीं हुई पहचान-
नवम्बर माह में नई अनाजमंडी पुलिस ने मंडी के बाहर नाले में महिला की लाश बरामद की थी। महिला मुंह के बल नाले में गिरी हुई थी। महिला की आज तक शिनाख्त नहीं हो पाई। महिला की हत्या की गई थी। पुलिस ने आसपास के जिलों की पुलिस को भी सूचनाएं भेजी हैं। लेकिन अभी हत्याकांड का खुलासा नहीं हो पाया है।
टायर पेंचर लगाने वाले के हत्यारे कौन-
नवम्बर माह में खरावड़ के पास टायर पेंचर लगाने वाले दुकानदार की सिर में चोट मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक मोहम्मद सदाम निवासी बिहार का रहने वाला था। उसका शव दुकान में मिला था। मोहम्मद के भाई ने हत्या का केस दर्ज करवाया था। परिजन न्याय की मांग करते हुए पुलिस के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अभी तक हत्यारों का पता नहीं चल पाया है।
मां और दो बच्चों की नहीं हुई पहचान-
जुलाई माह में सिंहपुरा के पास ड्रेन नंबर-8 के पास बने सीवर हॉल में महिला और दो बच्चों के शव मिले थे। शव गली-सड़ी हालत में थे और 10 से 12 दिन पुराने होने के चलते उनकी पहचान नहीं हो पाई। महिला की उम्र करीब 30-32 साल थी। महिला के हाथों में हरे रंग की चूड़ी और शरीर पर नीला सूट मिला था। जबकि एक बच्चे की उम्र 4-5 साल और दूसरे की करीब दो से ढाई साल थी। तीनों की शिनाख्त नहीं हो पाई।
साल भर के दौरान पुलिस ने बेहतर ढंग से काम किया है। अधिकतर मामले सुलझा लिए गए हैं। जो अनट्रेस हैं, उनमें सुराग हाथ लगे हुए हैं। जल्द ही इन मामलों का खुलासा कर दिया जाएगा। इसके अलावा आपराधिक वारदातों में भी कमी देखने को मिली है। कई गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बदमाशों का सलाखों के पीछे भेजा गया।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS