Independence day : तिरंगे के रंग में रंगा हरियाणा, कल प्रदेश में 75 स्थानों पर होगा ध्वजारोहण

चंडीगढ़। आजादी के अमृत महोत्सव पर प्रदेश में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास, जोश और उत्साह एवं गौरवपूर्ण ढंग से आयोजित किया जाएगा। पूरा हरियाणा तिरंगे के रंग में रंग चुका है। 15 अगस्त के दिन राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय अम्बाला कैंट और मुख्यमंत्री मनोहर लाल समालखा में ध्वजारोहण करेंगे। असंध में स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता, बहादुरगढ़ में उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और रादौर में गृह मंत्री अनिल विज ध्वजारोहण करेंगे। वहीं प्रदेश सरकार के अन्य मंत्रीगण, विधायक व अधिकारी भी निर्धारित स्थानों पर ध्वजारोहण करेंगे। सत्तापक्ष के मंत्रियों, विपक्ष के नेताओं, सांसदों व विधायकों द्वारा प्रदेशभर में 75 जगहों पर ध्वजारोहण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आजादी के लिए मर-मिटने वाले ज्ञात-अज्ञात शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही आजाद भारत की एकता और अखंडता की रक्षा करने वाले वीर सैनिकों को भी नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस ऐसा पर्व है जिसे हम सब पूरे देश में मिलजुल कर मनाते हैं और श्रद्धा के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराते हैं। यह प्यारा तिरंगा आजादी के उल्लास का प्रतीक है। इसी तिरंगे को थाम कर रखने के लिए आजादी के आंदोलन में असंख्य वीर शहीद हो गए। उन्होंने लाठियां और गोलियां खाकर भी इसे झुकने नहीं दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस समय जब हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं तो अपने उन राष्ट्र निर्माताओं, सीमा प्रहरी सैनिकों, प्रतिभाशाली वैज्ञानिकों, अन्नदाता किसानों, मेहनतकश कामगारों के प्रति भी गहन कृतज्ञता व्यक्त करते हैं जिन्होंने अपनी प्रतिभा, साहस और मेहनत के बल पर भारत को दुनिया की बड़ी शक्ति के रूप में खड़ा कर दिया है। भारत की गौरवपूर्ण विकास यात्रा में हर कदम पर हर भारतीय का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
मुख्यमंत्री ने अपने आवास पर लगाया तिरंगा
देशभर में मनाए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान के अन्तर्गत हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आज अपने आवास संत कबीर कुटीर पर तिरंगा लगा कर कर इस राष्ट्रीय पर्व में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित की। मनोहर लाल ने कहा कि तिरंगा हर भारतीय का गर्व है। देश के सभी नागरिक एक साथ मिलकर अपने घरों पर तिरंगा लगाकर कर स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS