BJP के गढ़ में ताकत दिखाएंगे निर्दलीय सांसद कार्तिकेय शर्मा, जीत के बाद पहली बार करेंगे रोड शो, JJP के ऑफिस भी जाएंगे

BJP के गढ़ में ताकत दिखाएंगे निर्दलीय सांसद कार्तिकेय शर्मा, जीत के बाद पहली बार करेंगे रोड शो, JJP के ऑफिस भी जाएंगे
X
शक्ति प्रदर्शन को कामयाब बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। अंबाला शहर में होने वाले इस रोड शो में कार्तिकेय शर्मा का 13 जगह अभिनंदन किया जाएगा। इस दौरान वे जजपा कार्यालय भी जाएंगे।

हरिभूमि न्यूज : अंबाला

भाजपा के गढ़ में अब राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा शक्ति प्रदर्शन करेंगे। यह पहला मौका है जब राज्यसभा में जीत के बाद कार्तिकेय शर्मा 19 जून को अपनी ताकत का प्रदर्शन करेंगे। शक्ति प्रदर्शन को कामयाब बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। अंबाला शहर में होने वाले इस रोड शो में कार्तिकेय शर्मा का 13 जगह अभिनंदन किया जाएगा। इस दौरान वे जजपा कार्यालय भी जाएंगे। हालांकि रोड शो में अभी भाजपा के हिस्सेदार होने की पुष्टि नहीं हो पाई है। मेयर शक्ति रानी शर्मा व पूर्व मंत्री विनोद शर्मा खुद बेटे के रोड शो की अगुवाई करेंगे।

मॉडल टाउन से रोड शो का होगा आगाज

राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा के रोड शो का रूट तय हो गया है। वे कार्यकर्ताओं के साथ सुबह नौ बजे से अपने मॉडल टाउन स्थित आवास से रवाना होंगे। यहां से वे सीधे इंको चौक से होते हुए सेक्टर-10 के वाटिका चौक पहुंचेंगे। यहां वार्ड नंबर-15 व 20 के लोग उनका अभिनंदन करेंगे। इसके बाद उनका काफिला सेक्टर दस के गुरूद्धारा चौक पर पहुंचेगा। यहां वार्ड नंबर 16 व 19 के लोग उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद वे सीधे मानव चौक पहुंचेंगे फिर यहां से अग्रसेन चौक के लिए रवाना होंगे। दोनों जगहों पर वार्ड नंबर- 17-18 व 11 व 12 के लोग फूलमालाओं से कार्तिकेय शर्मा का स्वागत करेंगे। इसके बाद उनका काफिला अंबिका माता मंदिर से होते हुए सीधे पुरानी अनाज मंडी पहुंचेगा। यहां भी उनका अभिनंदन किया जाएगा। इस दौरान दोनों जगह वार्ड नंबर- दस व नौ के कार्यकर्ता उनकी अगुवाई करेंगे। पुरानी अनाजमंडी से वापिस होते हुए कार्तिकेय शर्मा का काफिला दो खंभा चौक से होते हुए नाहन हाउस पहुंचेगा। यहां वार्ड नंबर-6,7 व 8 कार्यकर्ता उनके स्वागत के लिए पहुंचेंगे।

इसके बाद कार्तिकेय का काफिला हरी पैलेस से होते हुए कालका चौक पहुंचेगा। फिर यहां से सीधे बलदेव नगर के लिए रवाना होगा। दोनों जगहों पर वार्ड नंबर 2,5, 1, 3 व 4 के कार्यकर्ता अभिनंदन के लिए जुटेंगे। बलदेव नगर से कार्तिकेय शर्मा सीधे कार्यकर्ताओं के साथ अपने ऑफिस पहुंचेंगे। यहां मीडिया के साथ उनके लंच की व्यवस्था रहेगी। इसके बाद शाम चार बजे वे कार्यकर्ताओं के साथ सेक्टर-8 की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित जजपा ऑफिस पहुंचेंगे। यहां भी जजपा की ओर से उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया जाएगा। सभी जगह तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। हर जगह भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी वार्ड पार्षदों को दी गई है। साथ ही वे उन लोगों को भी रोड शो में हिस्सेदारी करने के आदेश दिए गए हैं जोकि या तो निगम का चुनाव लड़ चुके हैं या फिर हरियाणा जनचेतना पार्टी के संगठन में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

पिता बन चुके हैं दो बार विधायक

अंबाला शहर विधानसभा सीट से राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा के पिता एवं पूर्व मंत्री विनोद शर्मा दो बार विधायक बन चुके हैं। अब कार्तिकेय शर्मा की मां शक्ति रानी शर्मा यहां की मेयर हैं। 2014 में अपनी पार्टी से चुनाव लड़ने के बाद विनोद शर्मा ने पिछले विधानसभा चुनाव में हिस्सेदारी नहीं की थी। भाजपा के असीम गोयल अब लगातार दो विधानसभा चुनाव जीतकर यहां से विधायक हैं। इसी वजह से अब इस विधानसभा को भाजपा का गढ़ माना जा रहा है। हालांकि मेयर का चुनाव जीतकर शक्तिरानी शर्मा ने भाजपा के गढ़ में सेंध लगाने काम किया है।

Tags

Next Story