Asian Boxing Championships : हरियाणवी महिलाओं के दम पर मुक्केबाजी में चमका भारत

Asian Boxing Championships : हरियाणवी महिलाओं के दम पर मुक्केबाजी में चमका भारत
X
महिला मुक्केबाजों के दल ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए अपने पंच से भारत के लिए दस पदक हासिल किये हैं। दस सदस्यीय महिला दल में छह मुक्केबाज हरियाणा की रही, जिनमें पूजा बोहरा ने स्वर्ण पदक हासिल किया, जिन्होंने थाईलैंड में भी स्वर्ण पदक हासिल करके हरियाणा का ही नहीं भारतवर्ष को गौरवान्वित किया था। भारतीय महिला दल को अपना दम दिखाकर पदक हासिल करने पर चौतरफा बधाई मिल रही है।

हरिभूमि न्यूज : रोहतक

दुबई में चल रही एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारतीय महिला मुक्केबाजों के दल ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए अपने पंच से भारत के लिए दस पदक हासिल किये हैं। दस सदस्यीय महिला दल में छह मुक्केबाज हरियाणा की रही, जिनमें पूजा बोहरा ने स्वर्ण पदक हासिल किया, जिन्होंने थाईलैंड में भी स्वर्ण पदक हासिल करके हरियाणा का ही नहीं भारतवर्ष को गौरवान्वित किया था। भारतीय महिला दल को अपना दम दिखाकर पदक हासिल करने पर चौतरफा बधाई मिल रही है।

हरियाणा के भिवानी की मुक्केबाज पूजा बोहरा ने 75 किग्रा भार वर्ग में भारत के लिए स्वर्ण पदक हासिल किया, तो वहीं 81 किग्रा से अधिक भार में पलवल की अनुपमा कुंडू ने रजत पदक लिया। रोहतक की मोनिका ने 48 किग्रा, भिवानी की साक्षी ढांडा ने 54 किग्रा और जैस्मीन लंबोरिया ने 57 किग्रा तथा हिसार की स्वीटी बूरा ने 81 किग्रा भार वर्ग में शानदार पंच का प्रदर्शन करते हुए भारत को कांस्य पदक दिलाये। वहीं मणिपुर की विश्व चैंपियन मैरी कॉम ने 51 किग्रा और असम की लालबुत साही ने 64 किग्रा भार में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए भारत को रजत पदक दिलाए। पंजाब की सिमरनजीत कौर ने 60 किग्रा भार और असम की लवलिना बोरगोहेन ने 69 किग्रा भार वर्ग में कांस्य हासिल कर भारत के लिए अपना दम दिखाया।

दुबई में जबरदस्त प्रदर्शन के दम पर भारत के लिए पदक हासिल करने पर भारतीय महिला मुक्केबाजों को भारतीय मुक्केबाजी संघ और हरियाणा मुक्केबाजी संघ ने बधाई दी है। हरियाणा बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष मेजर सत्यपाल सिंधु ने भारतीय महिला मुक्केबाजों को शानदार प्रदर्शन और उनके प्रशिक्षकों की मेहनत से पदक हासिल करने पर हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खासकर भारत के लिए एक मात्र स्वर्ण पदक हासिल करने वाली भिवानी की पूजा बोहरा समेत हरियाणा की महिला मुक्केबाजों के प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके प्रदर्शन से निकले पदकों से भारत ही नहीं, बल्कि हरियाणा भी गौरवान्वित महसूस कर रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी प्रशिक्षक बेहतर खिलाड़ियों को आगे बढ़ाते रहेंगे, ताकि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारतीय जीत में हरियाणा हिस्सेदार बनता रहे।

दुबई में भारत के लिए बटोरे एक स्वर्ण समेत दस पदक

हरियाणा बॉक्सिंग संघ के रेफरी एंड जजिंग कमिशन के चेयरमैन गुलशन पांचाल ने हरियाणा की सभी छह मुक्केबाजों समेत भारतीय महिला मुक्केबाजी में भारत के हिस्से में आए दस पदकों के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इन पदकों के लिए इन खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने वाले कोचों की भी अहम भूमिका है।

Tags

Next Story