विश्व जूनियर कुश्ती चैंपियनशिप के लिए इंडियन टीम का चयन, ये पहलवान किए शामिल

हरिभूमि न्यूज : सोनीपत
भारतीय खेल प्राधिकरण के बहालगढ़ स्थित उत्तरी क्षेत्रीय केंद्र में रविवार को हुए ट्रायल में जूनियर विश्व कुश्ती प्रतियोगिता के लिए भारतीय दल का चयन किया। प्रतियोगिता का आयोजन 15 से 21 अगस्त तक बुल्गारिया के सोफिया शहर में किया जाएगा। इसमें फ्री-स्टाइल वर्ग के चार व महिला वर्ग के दो भारवर्ग का ट्रायल दोबारा होगा। भारतीय कुश्ती संघ के सहायक सचिव विनोद तोमर ने बताया कि बुल्गारिया में अगले महीने होने वाली अंडर-20 जूनियर विश्व कुश्ती प्रतियोगिता के लिए रविवार को ट्रायल के बाद पहलवानों का चयन किया गया। रविवार को साई सोनीपत में 20 भारवर्गों में मुकाबलों के बाद विजेता पहलवानों के नामों की घोषणा कर दी गई। रविवार को साई सोनीपत में भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष सांसद बृजभूषण शरण और साई की कार्यकारी निदेशक ललिता शर्मा ने ट्रायल का शुभारंभ कराया। शाम को पहलवानों की घोषणा कर दी गई। इस दौरान ग्रीको रोमन के मुख्य कोच हरगोबिंद सिंह और फ्रीस्टाइल के मुख्य कोच जगमिंदर सिंह भी मौजूद रहे।
छह भारवर्गों में पहलवानों के आने के बाद होगा ट्रायल
विनोद तोमर ने बताया कि ट्यूनिशिया में चल रही चौथी रैंकिंग सीरीज में भाग ले रहे फ्री स्टाइल के चार और दो महिला पहलवानों ने चयन समिति से आग्रह किया था कि वे रैंकिंग सीरीज में भाग ले रहे हैं, इस कारण उनके भारवर्ग में उनके देश में लौटने के बाद ट्रायल लिया जाए। चयन समिति ने उनके आग्रह को स्वीकार करते फैसला लिया कि छह भारवर्गों में पहलवानों के आने के बाद विजेता पहलवानों को दोबारा ट्रायल देना होगा। फ्री स्टाइल के 57 किलो, 61, 65, 74 और महिला वर्ग में 53 व 72 किलो में रविवार को विजेता पहलवानों को क्रमश : अमन, उदित, सुजीत, सागर जागलान और अंतिम व बिपाशा के साथ दोबारा ट्रायल देना होगा। उस ट्रायल में विजेता ही जूनियर विश्व कप में जाएंगे।
इन पहलवानों का हुआ चयन
फ्री स्टाइल में दिल्ली के अभिषेक ढाका (57 किलो) हरियाणा के मोहित (61 किलो), दिल्ली के रवि (65 किलो), उत्तर प्रदेश के मुलायम यादव (70 किलो), हरियाणा के जयदीप (74 किलो), सर्विसेज के दीपक (79 किलो), उत्तर प्रदेश के जोंटी कुमार ( 86 किलो), उत्तर प्रदेश के आकाश (92 किलो), हरियाणा के नीरज (97 किलो) और महाराष्ट्र के महेंद्र गायकवाड (135 किलो) का चयन किया गया है। ग्रीको रोमन वर्ग में उत्तर प्रदेश के अनूप (55 किलो), चंडीगढ़ के सुमित (60 किलो), दिल्ली के उमेश ( 63 किलो), सर्विसेज के अंकित गुलिया (67 किलो), सर्विसेज के दीपक (72 किलो), चंडीगढ़ के सचिन (77 किलो), हरियाणा के रोहित दहिया ( 82 किलो), उत्तर प्रदेश के सुरजीत सिंह (87 किलो), पंजाब के नरेंद्र चीमा ( 97 किलो) और हरियाणा के प्रवेश (130 किलो) में चयनित हुए।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS