इनेलो प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी बोले- बेरोजगारी व महंगाई चरम सीमा पर पहुंची

इनेलो प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी बोले- बेरोजगारी व महंगाई चरम सीमा पर पहुंची
X
राठी ने कहा कि अपराध के मामले में भी भाजपा सरकार ने सभी को पीछे छोड़ दिया है। प्रदेश भर में अपराध अपने चरमसीमा पर पहुंच चुका है। पेट्रोल-डीजल के दाम भी दिनोंदिन बढ़ाए जा रहे है।

बहादुरगढ़ : हरियाणा प्रदेश में लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था, बढ़ रही महंगाई व बेरोजगारी के खिलाफ इनेलो की बहादुरगढ़ इकाई 8 मार्च को विशाल प्रदर्शन करेगी। यह जानकारी इनेलो पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी ने यहां पत्रकारों को संबोधित करते हुए दी। उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश में जहां एक ओर बेरोजगारी व महंगाई की समस्या अपनी चरमसीमा पर पहुंच चुकी है वहीं, कानून व्यवस्था चौपट होने से आम आदमी स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहा है। रसोई गैस के दाम लगातार बढ़ाए जा रहे हैं, पिछले कुछ महीनों में ही रसोई गैस सिलेंडर के दाम 200 रुपये तक बढ़ाए जा चुके हैं जिससे आम गृहणी के रसोई का बजट बिगड़ चुका है।

इनेलो नेता ने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दाम भी दिनोंदिन बढ़ाए जा रहे है। इससे पेट्रोलियम कंपनियों को तो लाभ पहुंच रहा है लेकिन आम जनता की कमर टूट रही है। उन्होंने कहा कि 2014 में कच्चे तेल के प्रति बैरल की कीमत 106.85 डॉलर, जबकि आज कच्चा तेल 62.88 डॉलर प्रति बैरल पहुंच चुका है। इसी कच्चे तेल की कीमत जब लॉकडाउन में लगभग 31 डॉलर प्रति बैरल हुई थी, उस समय भी भाजपा सरकार ने लोगों को मिलने वाला फायदा न देकर जनता के साथ विश्वासघात किया था। जब हरियाणा सरकार द्वारा 600 ग्राम सचिवों की नियुक्ति के लिए लगभग 6 लाख से ज्यादा बेरोजगारों ने फार्म भरे थे लेकिन पेपर लीक होने की वजह से उन सभी लोगों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ।

राठी ने कहा कि अपराध के मामले में भी भाजपा सरकार ने सभी को पीछे छोड़ दिया है। प्रदेश भर में अपराध अपने चरमसीमा पर पहुंच चुका है। बहादुरगढ़ में सरेआम एक ज्वैलर्स की दुकान पर लूट का प्रयास किया गया। जिसमें व्यापारियों ने दो आरोपियों को तो पकड़ लिया लेकिन आज भी तीसरा आरोपी सरकार की कमी की वजह से फरार है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा समर्थित लोग सरेआम कानून की अवहेलना करते हैं लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं होती। अपितु आम जनता को परेशान किया जाता है। इसलिए उक्त मुद्दों पर इस गूंगी-बहरी भाजपा सरकार को जगाने के लिए इनेलो 8 मार्च को बहादुरगढ़ में पुरजोर प्रदर्शन करेगी।

Tags

Next Story