इनेलो सिंबल पर लड़ेगी पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव : अभय चौटाला बोले- चौ. देवीलाल जयंती पर दिखाएंगे पार्टी की ताकत

इनेलो सिंबल पर लड़ेगी पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव : अभय चौटाला बोले- चौ. देवीलाल जयंती पर दिखाएंगे पार्टी की ताकत
X
इनेलो महासचिव ने आरोप लगाया कि गठबंधन की सरकार में प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर पहुंच चुका है। पब्लिक सर्विस कमिशन के कार्यालय में करोड़ों रुपए का भ्रष्टाचार होता है। सत्ता में बैठे लोग इस भ्रष्टाचार शामिल होते हैं। जांच के नाम पर साजिश के तहत किसी एक व्यक्ति को शिकार बना दिया जाता है।

हरिभूमि न्यूज. रेवाड़ी

इनेलो के राष्ट्रीय महासचिव चौ. अभय सिंह चौटाला ने कहा कि प्रदेश में भाजपा-जजपा गठबंधन की सरकार बनने के बाद लोगों ने विकास की जो उम्मीद सरकार से की थी, गठबंधन की सरकार ने उस उम्मीद को 3 साल में चकनाचूर कर दिया है। कांग्रेस और जजपा का जनाधार सिमट चुका है। प्रदेश की जनता की नजरें अब इनेलो पर टिकी हुई हैं, जिस कारण पार्टी पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव सिंबल पर लड़ने जा रही है।

रविवार को लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अभय सिंह चौटाला ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में इनेलो को मिलने वाला समर्थन प्रदेश में अगली सरकार इनेलो की ही बनने पर मोहर लगाने का काम करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि गठबंधन की सरकार में प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर पहुंच चुका है। पब्लिक सर्विस कमिशन के कार्यालय में करोड़ों रुपए का भ्रष्टाचार होता है। सत्ता में बैठे लोग इस भ्रष्टाचार शामिल होते हैं। जांच के नाम पर साजिश के तहत किसी एक व्यक्ति को शिकार बना दिया जाता है। सीएम पर्ची और खर्ची बंद होने का दावा करते हैं, परंतु स्थिति इसके विपरीत बनी हुई है। नौकरियों के नाम पर जमकर भ्रष्टाचार हो रहा है। सरकार में बैठे लोग इसका खुलकर फायदा उठा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास का दावा करने वाली गठबंधन सरकार ने प्रदेश में महंगाई और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का काम किया है। प्रदेश की महंगाई दर सबसे अधिक है। बेरोजगारी के आंकड़ों से पता चल जाता है कि प्रदेश में हालात कैसे हैं। उन्होंने रेवाड़ी नगर परिषद में भ्रष्टाचार का जिक्र करते हुए कहा कि नगर परिषदों और नगर पालिकाओं में जमकर भ्रष्टचार हो रहा है। सरकार भ्रष्टाचार पर रोक लगाने की बजाय इसमें संलिप्त लोगों को संरक्षण देने का काम कर रही है। एनसीआर में शामिल जिलों की जनता भारी परेशानियों का सामना कर रही है। रेवाड़ी के लोग सफाई व्यवस्था से लेकर सड़कों तक की परेशानियों का सामना कर रहे हैं। विकास के नाम पर लाखों रुपए फूंके जा रहे हैं। काम कराने के नाम पर महज खानापूर्ति की जा रही है।

अभय चौटाला ने कहा कि 25 सितंबर को ऐलनाबाद में चौ. देवीलाल की जयंती पर प्रदेश की जनता गठबंधन सरकार की चूलें हिलाने का काम करेगी। इस रैली में उमड़ने वाली भीड़ यह साबित कर देगी कि आने वाले विधानसभा चुनावों में इनेलो भारी बहुमत से प्रदेश में सरकार बनाएगी। इस मौके पर इनेलो के जिलाध्यक्ष डा. राजपाल भी मौजूद थे। इससे पूर्व अभय सिंह चौटाला ने सनसिटी में पार्टी कार्यालय में इनेलो कार्यकर्ताओं की बैठक को भी संबोधित किया।


Tags

Next Story