अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव-2021 : हरियाणा पवेलियन और ब्रह्मसरोवर के घाटों पर होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम

हरिभूमि न्यूज. कुरुक्षेत्र
अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2021 में भव्य और उच्चस्तरीय कार्यक्रमों की प्रस्तुती की जाएगी। इस महोत्सव के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का चयन करने की जिम्मेवारी हरियाणा कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग, हरियाणा कला परिषद और उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक कला केन्द्र पटियाला को सौंपी गई है। इन विभागों को जल्द ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का चयन करके एक सूची तैयार करने के भी आदेश दिए गए है।
अहम पहलू यह है कि अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव पर पुरुषोतमपुरा बाग ब्रह्मसरोवर पर सुबह और सायंकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम, द्रोपदी कूप के पास बनने वाले हरियाणा पवेलियन तथा ब्रह्मसरोवर के घाटों पर सांस्कृतिक कार्यक्र्रमों का आयोजन होगा। उपायुक्त मुकुल कुमार मंगलवार को लघु सचिवालय उपायुक्त कार्यालय में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर अधिकारियों की एक बैठक ली। इससे पहले उपायुक्त मुकुल कुमार, हरियाणा कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग की निदेशिका प्रतिमा चौधरी, हरियाणा कला परिषद के निदेशक संजय बसीन, मुख्यमंत्री के पब्लिसिटी सेल के ओएसडी एवं हरियाणा कला परिषद के अतिरिक्त निदेशक गजेन्द्र फोगाट, एडीसी अखिल पिलानी, केडीबी के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा, सीईओ अनुभव मेहता, अंडर टे्रनिंग आईएएस जया शारदा, केडीबी के सदस्य सौरभ चौधरी, उपेन्द्र सिंघल ने कुरुक्षेत्र में 2 दिसंबर से 19 दिसंबर 2021 तक आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव सांस्कृतिक कार्यक्रमों के चयन पर विस्तार से चर्चा की है। इस चर्चा के दौरान पुरुषोतमपुरा बाग में सुबह 11 बजे से सांय 5 बजे तक तथा सायं 6.30 बजे से लेकर 8.30 बजे तक, ब्रह्मसरोवर के आरती स्थल पर भजन संध्या सायं 5 बजे से लेकर 6 बजे तक और द्रोपदी कूप में बनने वाले हरियाणा पवेलियन में हरियाणावी सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए सूची तैयार करने का प्रस्ताव पारित किया गया है।
75 तीर्थों पर कार्यक्रमों का आयोजन करने की योजना तैयार की
उपायुक्त कहा कि इस वर्ष पुरुषोतमपुरा बाग में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का मुख्य मंच बनाया जाएगा। इस मंच पर सुबह के समय 4 और सायं के समय 2 सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी और हरियाणा पवेलियन में नियमित रुप से हरियाणवी लोक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन चलेगा। यह कार्यक्रम अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में 9 दिसम्बर से 14 दिसम्बर तक आयोजित होंगे। इसके अलावा ब्रह्मसरोवर के घाटों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन 2 दिसम्बर से 19 दिसम्बर तक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आरती से पहले भजन संध्या का भी आयोजन किया जाएगा। इस भजन संध्या के लिए भी कलाकारों का चयन किया जाएगा। अहम पहलू यह है कि अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के सभी कार्यक्रम आजादी के अमृत महोत्सव को समर्पित होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि कुरुक्षेत्र 48 कोस के 75 तीर्थोँ पर भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन करने की रुपरेखा तैयार की जा रही है। इन आयोजनों की जिम्मेवारी सम्बन्धित जिला के उपायुक्त को सौंपी जाएगी। इस बार देश की आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के विषय को जहन में रखते हुए ही 75 तीर्थों पर कार्यक्रमों का आयोजन करने की योजना तैयार की गई है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS