अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव : हिंदुस्तान के सबसे बड़े तीन परांठे खाने पर मिलेगा एक लाख नकद इनाम व बुलेट मोटरसाइकिल

अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव : हिंदुस्तान के सबसे बड़े तीन परांठे खाने पर मिलेगा एक लाख नकद इनाम व बुलेट मोटरसाइकिल
X
हरियाणा कला एवं सांस्कृतिक विभाग के हाथों में पहली बार हरियाणा पैवेलियन की कमान होगी। पैवेलियन में भीम रसोई में लजीज व्यंजनों के साथ हरियाणवीं पकवानों का भी पर्यटक स्वाद चखेंगे।

हरिभूमि न्यूज. कुरुक्षेत्र

ब्रह्मसरोवर पर गीता महोत्सव के अवसर पर शिल्प व सरस मेले में पर्यटकों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया है। दूर दराज से लोग मेले को देखने के लिए ब्रह्मसरोवर पर आने लगे हैं। वहीं शिल्पकारों का हुनर व शिल्पकला के साथ हरियाणा पैवेलियन के लजीज व्यंजन पर्यटकों को रिझाएंगे। हिंदुस्तान का सबसे बड़ा परांठा के तीन बड़े परांठे खाने वाला मालामाल होगा।

हरियाणा कला एवं सांस्कृतिक विभाग के हाथों में पहली बार हरियाणा पैवेलियन की कमान होगी। पैवेलियन में भीम रसोई में लजीज व्यंजनों के साथ हरियाणवीं पकवानों का भी पर्यटक स्वाद चखेंगे। हरियाणा कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग की निदेशिक प्रतिमा चौधरी का कहना है कि पुरुषोत्तमपुरा बाग में बनाए जाने वाले हरियाणा पैवेलियन में हरियाणवीं संस्कृति की झलक दिखाई देगी। हिंदुस्तान का सबसे बड़ा परांठा के तीन परांठे खाने पर एक लाख का नकद इनाम व बुलेट मोटरसाइकिल उपहार में मिलेगी।

गोहाना की जलेबी का स्वाद चखेंगे पर्यटक

राज्य सरकार के विशेष प्रचार प्रकोष्ठ के ओएसडी गजेंद्र फौगाट बताते है कि हरियाणा पैवेलियन हरियाणवीं संस्कृति, खानपान, पहरावे के साथ मिट्टी के दंगल में पहलवानों जोर अजमाईश दिखाई देगी। इसके साथ ही भीम रसोई में हाथ से निकाले हुए खोये की बर्फी, गोहाना की जलेबी, सुहाली, गुलगले व पुड़े सहित अन्य पकवानों का पर्यटक स्वाद चख सकेंगे। हरियाणा पैवेलियन का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को हरियाणवीं संस्कृति के साथ जोड़ना है, ताकि उन्हें हरियाणवीं पहरावे के साथ पकवानों के बारे में सहजता के साथ जानकारी मिल सके।

हरियाणा पैवेलियन में पर्यटक चख सकेंगे 8 तरह के परांठे

ओएसडी गजेंद्र फौगाट का कहना है कि रोहतक वालों का हिंदुस्तान का सबसे बड़ा परांठा है, इसकी लंबाई तकरीबन दो फीट है। परांठे के साथ दही, चटनी, आचार व मक्खन दिया जाएगा। परांठे खाने की शर्त निर्धारित की गई है कि एक साथ बैठकर तीन परांठे खाने वाला ही इनाम का हकदार होगा। परांठे की आठ वैरायटी है, इसमें पनीर, आलू, गोभी, आलू-प्याज मिक्स व सिंपल परांठा शामिल है। पिछले आठ सालों से चार दोस्तों द्वारा परांठे बनाने का काम कर रहे हैं। उनके द्वारा तीन परांठे खाने का खुला चैलेंज दिया गया है। हरियाणा सरकार की ओर से पहली बार अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में इस चैलेंज को पर्यटकों के लिए रखा है। यदि पर्यटक एक साथ तीन परांठे खाता है तो उसे एक लाख का नकद इनाम व बुलेट मोटरसाइकिल मिलेगा।

बाल देखरेख केंद्रों के बच्चों द्वारा बनाई गई कलाकृतियों की लगाई स्टॉल

निदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के अवसर पर हरियाणा के सभी बाल देखरेख केंद्रों के बच्चों द्वारा बनाई गई विभिन्न प्रकार की कलाकृतियों का स्टॉल लगाया गया है। इस स्टॉल पर इन कलाकृतियों को महोत्सव में आने वाले पर्यटकों को सेल भी किया जा रहा है। बच्चों की बनाई हुई कलाकृतियों को देखकर पर्यटक बहुत ही उत्साहित है। बच्चों द्वारा बहुत ही प्यारी पेंटिंग, हस्तकला की वस्तुएं, वेस्ट मटेरियल से बनाई गई आकर्षक वस्तुओं ने सभी का मन मोह लिया है। हरियाणा के सभी जिला बाल संरक्षण इकाई के माध्यम से इन बच्चों को प्रशिक्षित कर इनसे विभिन्न प्रकार की कलाकृतियां बनवाई गई है। पूरे हरियाणा के बाल देखरेख केंद्रों के बच्चों ने बढ़ चढ़कर इन कलाकृतियों को बनाने में हिस्सा लिया है। इस प्रदर्शनी में बच्चों द्वारा बनाई गई जो भी वस्तुएं सेल होंगी, उस राशि को बच्चे के खाते में डाल दिया जाएगा। महिला एवं बाल विकास विभाग हरियाणा की यह पहल बहुत ही सराहनीय है।

Tags

Next Story