Jind : जीएनएम लगवाने का झांसा देकर हड़पे 10 लाख

Jind : जीएनएम लगवाने का झांसा देकर हड़पे 10 लाख
X
  • चयन न होने पर राशि वापस मांगी तो किया इंकार
  • पुलिस ने 4 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में किया मामला दर्ज

Jind : स्वास्थ्य विभाग में जीएनएम लगवाने का झांसा देकर युवक से 10 लाख रुपए हड़प लिए गए। सिलेक्शन ना होने पर जब राशि वापस मांगी तो आरोपितों ने राशि लौटाने से मना कर दिया और बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी। जुलाना थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

गांव मोहम्मद खेड़ा निवासी शमशेर ने बताया कि उसकी पत्नी पूजा ने जीएनएम की पढ़ाई की हुई है और उसने जीएनएम पोस्ट के लिए आवेदन किया था, जिसका पेपर 25 जुलाई 2021 को अंबाला में हो चुका था। उसी दौरान उसकी मुलाकात जुलाना निवासी आशीष से हुई। 25 अगस्त 2021 को आशीष ने उसके पास व्हाट्सएप कॉल की और कहा कि वह उसकी पत्नी को जीएनएम पोस्ट पर लगवा देगा, जिसके लिए उसने 20 लख रुपए की डिमांड की। आशीष के बुलावे पर वह जुलाना पहुंच गया। आरोपी उसे आयुष मेडिकल स्टोर के अंदर ले गया, जहां पर मेडिकल स्टोर मालिक राजेश, उसका लड़का आयुष तथा राजेश की पत्नी मौजूद थी। उसने अपनी पत्नी के सभी दस्तावेज आयुष को दे दिए। राजेश ने कहा कि आज झज्जर में पेपर हो जाएगा, जिसके लिए पांच लाख रुपए देने होंगे। केंद्र पर मौजूद लड़के उसका पेपर करवा देंगे। आरोपियों ने उसकी पत्नी का पेपर भी करवा दिया। इसके बाद आरोपितों ने उससे पांच लाख रुपए तथा दो ब्लैंक चेक ले लिए। 15 नवंबर 2021 को बकाया राशि पांच लाख रुपए और राजेश को उसके घर जाकर दे दिए।

राजेश ने कहा कि अगर उसकी पत्नी नौकरी लग गई तो उसे 20 लाख रुपए और देने होंगे। अगर नौकरी नहीं लगी तो 10 लाख वापस कर दिए जाएंगे। 26 अक्टूबर 2021 को पोस्ट की पहली लिस्ट का रिजल्ट जारी कर दिया गया, जिसमें उसकी पत्नी का नाम था। डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन भी करवा ली गई। फाइनल रिजल्ट अप्रैल 2022 में आया, लेकिन उसकी पत्नी का नाम लिस्ट में नहीं था। जब उसने राजेश से संपर्क साधा तो उसने बताया कि जिन लड़कों ने काम करना था, वह पुलिस द्वारा पकड़ लिए गए हैं। अब आपका काम नहीं हो सकता और राशि को जल्द वापस करने का आश्वासन दिया। बावजूद इसके लंबे समय तक उसकी राशि को वापस नहीं लौटाया। जब उसने राशि को देने के लिए दबाव बनाया तो आरोपियों ने उसे बुरा अंजाम भुगतने की धमकी देते हुए राशि देने से मना कर दिया।

जुलाना थाना पुलिस ने शमशेर की शिकायत पर राजेश तथा उसकी पत्नी आशीष व आयुष के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जुलाना थाना प्रभारी समरजीत ने बताया कि पीड़ित नौकरी लगवाने का झांसा देकर 10 लख रुपए हड़पने का आरोप लगाते हुए शिकायत दी थी, जिसके आधार पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें - Government Job के नाम पर ठगी : क्लर्क लगवाने का दिया झांसा, हड़पे 9 लाख





Tags

Next Story