जींद में बड़ा हादसा : राइस मील ब्वायलर का हिस्सा धंसा, 2 मजदूर जिंदा दफन, 6 घंटे बाद एक का शव मिला

जींद में बड़ा हादसा : राइस मील ब्वायलर का हिस्सा धंसा, 2 मजदूर जिंदा दफन, 6 घंटे बाद एक का शव मिला
X
दफन हुए मजदूरों में जीजा साला है। लगभग छह घंटे के रेसक्यू अभियान के बाद एक मजदूर के शव को बरामद कर लिया गया। एसडीएम ने अमले के साथ मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान का जायजा लिया।

हरिभूमि न्यूज : जींद, सफीदों

सफीदों में हाट रोड स्थित राइस मील के ब्वायलर का एक हिस्सा बीती रात धंसने से दो मजदूर जिंदा दफन हो गए। जबकि तीन मजदूर सुरक्षित निकलने में कामयाब हो गए। दफन हुए मजदूरों में जीजा साला है। लगभग छह घंटे के रेसक्यू अभियान के बाद एक मजदूर के शव को बरामद कर लिया गया। एसडीएम ने अमले के साथ मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान का जायजा लिया। दूसरे मजदूर को निकालने के लिए देर रात तक रेस्क्यू अभियान जारी रहा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हाट रोड स्थित एटीएस राइस मील में रात को ब्लायलर पर काम चल रहा था। जिस पर पांच मजदूर काम कर रहे थे। अचानक ब्लास्ट के साथ ब्वायलर के पश्चिमी छोर की ड्राईल मशीन का हिस्सा नीचे धंस गया। तीन मजदूर कूदकर बच निकलने में कामयाब हो गए जबकि गांव कोरई जिला बेगूसराय बिहार निवासी सूरज 24 तथा उसका साला कपूरी चौंक समस्तीपुर बिहार निवासी नितिश 20 नीचे जिंदा दब गए। मलबे के नीचे दबे मजदूरों के बारे में सुबह नौ बजे उस समय पता चला जब वे दोनों कहीं पर दिखाई नहीं दिए। सूचना पाकर एसडीएम सत्यवान मान, डीएसपी आशीष कुमार, शहर थाना सफीदों प्रभारी सुरेश कुमार पुलिस बल, जेसीबी तथा क्रेनों को लेकर मौके पर पहुंच गए और रेस्क्यू अभियान चलाया।

लगभग छह घंटे के कड़ी मशक्कत के बाद मलबे से नितिश के शव को निकाल लिया गया। जबकि दूसरे मलबे के नीचे दबे सूरज की तलाश देर रात तक जारी रही। मील के सुपरवाइजर मोहम्मद फरहान का कहना है कि यह कुदरती हादसा है। इससे आगे वे कुछ भी नहीं जानते। यह हादसा रात को करीब पौने तीन बजे हुआ है। वे सुबह ड्यूटी पर आए तो ही उन्हे इस हादसे का पता चला है। डीएसपी आशीष कुमार ने बताया कि मलबे के नीचे दबे एक मजदूर के शव को निकाल लिया गया है। दूसरे मजदूर को रेस्क्यू अभियान चलाकर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। मजदूरों के नीचे दबने के पीछे क्या कारण रहे इसका पता जांच के बाद ही लग पाएगा।

Tags

Next Story