Jind : नेपाल से युवती का किया अपहरण, गांव रत्ताखेड़ा की हैचरी से किया बरामद

- लड़की को बरामद करने के लिए नेपाल पुलिस सफीदों पहुंची
- सफीदों पुलिस की मदद से गांव रत्ताखेड़ा से पुलिस ने किया लड़की को बरामद
सफीदों/जींद : भारत के पड़ोसी देश नेपाल से एक युवती को अपहरण करके उपमंडल के गांव रत्ताखेड़ा लाया गया। नेपाल से अपहरण की गई लड़की की मां की शिकायत पर नेपाल पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया और लड़की की तलाश में सुराग लगाते-लगाते सफीदों पहुंची। नेपाल पुलिस ने सफीदों सदर थाना पहुंचकर यहां की पुलिस से मदद मांगी। सफीदों पुलिस की मदद से युवती को गांव रत्ताखेड़ा की एक हैचरी से बरामद किया गया। इस मामले में नेपाल की एक एनजीओ की महिलाएं भी साथ में रही। मामला मानव तस्करी से जुड़ा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार नेपाल की एक महिला ने पुलिस को शिकायत देकर हसीना चिकवा व पहाड़ी खटीक निवासी गांंव नदई (नेपाल) के खिलाफ मामला दर्ज करवाया था कि दोनों 16 दिसंबर को समय लगभग 3 बजे उसकी लड़की को जबरन लेकर चले आए। इस बात का उन्हें कोई पता नहीं था। उसकी बेटी की जान खतरे में है। लड़की को बेचने के उद्देश्य से वे लेकर गए हैं। उन्होंने नेपाल पुलिस से उसकी लड़की को बरामद करने की गुहार लगाई। नेपाल पुलिस ने वहां मामला दर्ज करके अपने स्तर पर लड़की की तलाश शुरू की तो सारे तार हरियाणा से जोड़ते हुए लड़की का सुराग पानीपत व सफीदों उपमंडल के गांव रत्ताखेड़ा में होने का लगा। नेपाल पुलिस के कर्मचारी सफीदों शहर पहुंचे और सदर थाना से सहायता मांगी। जिस पर सदर थाना पुलिस नेपाल पुलिस के अधिकारियों के साथ गांव रत्ताखेड़ा एक हैचरी पर पहुंची और वहां के एक स्थान से लड़की को बरामद कर लिया। इस संबंध में सफीदों पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS