जींद में घोड़े में मिला ग्लैंडर्स वायरस, पशुपालन विभाग में हड़कंप

जींद में घोड़े में मिला ग्लैंडर्स वायरस, पशुपालन विभाग में हड़कंप
X
पशुपालन विभाग ने 20 घोड़ों के सैंपल हिसार की लैब में जांच के लिए भेजे हुए हैं। कुछ अन्य सैंपल भी शुक्रवार को भेजे जाएंगे।

हरिभूमि न्यूज. : जींद

आजकल घोड़ों में आ रही ग्लैंडर्स की बीमारी ने अब जींद में भी दस्तक दी है। जींद के एक पशुपालक के घोड़े में ग्लैंडर्स की पुष्टि हुई है। पशुपालन विभाग ने 20 घोड़ों के सैंपल हिसार की लैब में जांच के लिए भेजे हुए हैं। कुछ अन्य सैंपल भी शुक्रवार को भेजे जाएंगे। पशुपालन विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक डा. बलवंत ने बताया कि जींद से ग्लैंडर्स की जांच के लिए 20 घोड़ों के सैंपल भेजे थे। इनमें से फिलहाल एक घोड़े में ग्लैंडर्स की पुष्टि हुई है। अभी तक उनके पास इस संबंध में कोई जानकारी नहीं आई है कि किस पशुपालक के घोड़े में इस बीमारी की पुष्टि हुई है।

कुछ अन्य सैंपल शुक्रवार को भी जींद से भेजे जाएंगे। डा. बलवंत ने बताया कि यह एक जानलेवा बीमारी है, इसका फिलहाल कोई इलाज नहीं है, फिर भी पशुपालन विभाग अपनी तरफ से इस बीमारी से निपटने की पूरी कोशिश कर रहा है। घोड़ों में ग्लैंडर्स की बीमारी पिछले कुछ समय से देखी जा रही है जो घोड़ों के साथ मनुष्य के लिए भी खतरनाक है। इसके लिए पशुपालकों को भी जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि घोड़ों के शरीर में जगह-जगह गांठ होने के साथ-साथ मुंह और नाक से रिसाव होता है। ग्लैंडर्स का संदेह होने पर खून का नमूना लेकर जांच को हिसार लैब में भेजा जाता है।

Tags

Next Story