जींद : खेत में बने कमरे में मिला व्यक्ति का शव, गले और आंखों पर निशान, मचा हड़कंप

हरिभूमि न्यूज : जींद
गांव ऐंचरा खुर्द खेतों में बने कमरे में शनिवार देर शाम को व्यक्ति के मृत मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक के गले तथा आंख पर निशान हैं। जिसके चलते हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना पाकर सदर थाना सफीदों पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच गई और हालातों का जायजा लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव ऐंचराखुर्द निवासी विनोद (45) गत दिवस खेत में रखवाली के लिए गया था। जो रातभर घर वापस नहीं लौटा। शनिवार शाम तक घर वापस न पहुंचने पर परिजनों ने खेत में जाकर देखा तो विनोद मृत पड़ा हुआ था। उसकी गर्दन पर नीले गहरे निशान थे। साथ ही आंख पर भी निशान बना हुआ था। घटना की सूचना पाकर सदर थाना सफीदों पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालातों का जायजा लिया। मामले की संदिग्धता को देखते हुए फोरेंसिक एक्सपर्ट टीम को मौके पर बुलाया गया। जिन्होंने शव का निरीक्षण किया और साक्ष्याें को जुटाया। गर्दन पर निशान के चलते आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की हत्या की गई है। परिजनों ने भी हत्या की आशंका जताई है। फिलहाल शव को सफीदों के सामान्य अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद खुलासा हो सकेगा कि आखिर व्यक्ति की मौत कैसे हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सदर थाना सफीदों के जांच अधिकारी दिलबाग सिंह ने बताया कि खेत में बने कमरे से व्यक्ति का शव मिला है। कुछ निशान संदेह पैदा कर रहे हैं। फोरेंसिक टीम की सहायता ली गई है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो पाएंगे। फिलहाल जांच जारी है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS