Jind : महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, 4 घंटे चली दोनाें पक्षाें की पंचायत

- मृतका के भाई ने रस्सी से गला घाेंट कर हत्या करने का लगाया आरोप
- पति समेत 3 पर हत्या का केस दर्ज, मायका पक्ष को सौंपा शव
Jind : गांव धनखड़ी में महिला की संदिग्ध हालात में हो गई। मौत के मामले में उचाना थाना पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर पति समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या व दहेज हत्या का मामला दर्ज किया। इस मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई, जिसमें मृतका का शव मायका पक्ष को सौंपा गया। पुलिस मामले में गंभीरता से जांच कर रही है।
गांव धनखड़ी निवासी सतीश की पत्नी जिंद्रो की संदिग्ध हालात में छह सितंबर को मौत हो गई थी। सूचना मिलने पर उचाना थाना पुलिस तथा मायका पक्ष मौके पर पहुंच गए और हालाताें का जायजा लिया। मृतका के भाई गांव कुराड़ निवासी राजेंद्र ने बताया कि उसकी बहन जिंद्रो की शादी 12 दिसंबर 2016 को गांव धनखड़ी निवासी सतीश के साथ हुई थी। जिसके बाद से ससुरालजन उसकी बहन को तंग करने लगे। इसको लेकर पंचायत भी हुई। लगभग 20 दिन पहले जिंद्रो के साथ पति तथा सास ने मारपीट भी की थी। ससुरालजनों ने अपनी गलती मानी थी। गत दिवस जिंद्रो के जेठ महिपाल का फोन आया, जिसने बताया कि जिंद्रो ने फांसी लगा ली। जब वे मौके पर पहुंचे तो जिंद्रो का शव बरामदे में फर्श पर रखा हुआ था। गले में रस्सी की रगड़ के निशान थे। राजेंद्र ने आरोप लगाया कि ससुरालजनों ने उसकी बहन की रस्सी से गला घाेंट कर हत्या की है। उचाना थाना पुलिस ने राजेंद्र की शिकायत पर पति सतीश, जेठ महिपाल, सास प्रेमो के खिलाफ दहेज हत्या, हत्या समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
चार घंटे चली पंचायत, मायका पक्ष ले गया शव
जिंद्रो की संदिग्ध मौत के बाद वीरवार को मृतका के मायका पक्ष गांव कुराड तथा ससुराल पक्ष गांव धनखड़ी के लोगाें की नागरिक अस्पताल में लगभग चार घंटे तक पंचायत चली। धनखड़ी के लोगों का कहना था कि महिला की हत्या नहीं हुई बल्कि उसने फांसी लगाकर जान दी है। धनखड़ी की पंचायत ने पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार के लिए शव उन्हें देने की अपील की लेकिन मायका पक्ष ने मना कर दिया। काफी देर तक इस बात पर चर्चा होती रही। मायका पक्ष के न मानने पर शव उन्हें सौंप दिया गया। उचाना थाना प्रभारी रविंद्र ने बताया कि मृतका के भाई ने आरोप लगाते हुए शिकायत दी थी। जिसके आधार पर पति समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम करा परिजनाें को साैंप दिया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें - Jind : तेजधार हथियार से दंपत्ति पर किया जानलेवा हमला
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS