Jind : महिला ने रेलवे पटरी से बुटाना ब्रांच नहर में लगाई छलांग

Jind : महिला ने रेलवे पटरी से बुटाना ब्रांच नहर में लगाई छलांग
X
  • उरलाना चौकी के पास नहर में मिला महिला का शव
  • पुलिस ने शव कब्जे में लेकर दर्ज किया केस, शुरू की जांच पड़ताल

Jind : उपमंडल के गांव टीटो खेड़ी निवासी एक महिला ने सफीदों-पानीपत रेलवे मार्ग की पटरी से बुटाना ब्रांच नहर में छलांग लगा दी। इस घटना में महिला की मौत हो गई। महिला की पहचान रानी निवासी टीटोखेड़ी के रूप में हुई है। नहर की पटरी पर महिला का दुपट्टा व तसला बरामद हुआ है। घटना का पता चलते ही परिवार व गांव के लोग मौके पर पहुंचे। वहीं मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर सिटी थाना प्रभारी ईश्वर सिंह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों व परिवार के लोगों से जानकारी हासिल की। महिला का शव उरलाना चौकी के पास नहर में मिला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी।

महिला के नहर में कूदने का कारण घर में मामूली कहासुनी होना बताया जा रहा है। महिला के पति मोहन ने बताया कि परिवार के लोग खेतों में काम करने के लिए गए हुए थे और उसकी पत्नी रानी घर पर थी। शुक्रवार सुबह वह अचानक घर से बिना किसी को कुछ बताए निकल गई और सफीदों-पानीपत रेलवे लाईन पर पहुंचकर पानी से लबालब बुटाना ब्रांच नहर में छलांग लगा दी। आसपास किसी ने उसे ऐसा करते हुए देखा और उसने इसकी जानकारी परिवार के लोगों को दी। वे गांव के लोगों के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन वहां पर उसका कोई अता पता नहीं था। मामले की सूचना सफीदों पुलिस को दी गई। सूचना पाकर सिटी थाना प्रभारी ईश्वर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से सारी जानकारी हासिल की। उसके बाद नहरी विभाग के अधिकारियों से बातचीत करके नहर के पानी को कम करवाया। ग्रामीणों ने नहर के आरपार रस्सा डालकर व मानव श्रृंखला बनाकर महिला रानी को तलाशना शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सांय को महिला रानी का शव गांव उरलाना चौकी (पानीपत) के पास मिला। नहर से शव को निकालने के बाद परिवार के लोगों से उसकी शिनाख्त करवाई। महिला की मौत को लेकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। महिला अपने पीछे दो छोटे-छोटे बच्चों को छोड़कर गई है। पुलिस मामले में जांच पड़ताल कर रही है।

यह भी पढ़ें - धनतेरस पर बरसा धन : बाजारों में खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़, सर्राफा बाजार रहा गर्म

Tags

Next Story