Kaithal : इंग्लैंड भेजने के नाम युवक से 20 लाख की ठगी

Kaithal : युवक व उसके जानकारों को इंग्लैंड भेजने के नाम पर पांच आरोपियों ने 20 लाख 64 हजार रुपए की ठगी की। पीड़ितों ने इसकी शिकायत सिविल लाइन कैथल पुलिस को दी। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर दो व्यक्तियों को नामजद करते हुए केस दर्ज किया। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि रुपए लेने के बाद आरोपियों ने उन्हें विदेश जाने के नकली कागजात थमाए। पड़ताल के दौरान जब कागज नकली मिले और आरोपियों से रुपए वापस मांगे तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
गांव रामगढ पांडवा निवासी मनोज कुमार ने बताया कि वह वोगवेयर एकेडमी संचालक हसनीत और गांव कुराड़ निवासी अक्षय को काफी समय से जानता है। उक्त दोनों आरोपियों ने आपस में पार्टनरशीप करके वोगवेयर एकेडमी के नाम से अलग-अलग शहरों में दफ्तर बना रखे हैं। आरोपी अक्षय ने उसे बताया कि वह लोगों को विदेश भेजने का काम करता है वह उसे, उसकी भतीजी व अन्य रिश्तेदारों को विदेश भेज देगा। उसने आरोपी की बातों में आकर अपनी भतीजी सुनैना, दोस्त के भतीजे शुभम, दोस्त के भांजे कर्मजीत व अपने दोस्त की मौसी की लड़की गुरप्रीत को इंग्लैंड भेजने के लिए आरोपियों के साथ सनसिटी कैथल में बात कर ली। आरोपियों ने प्रत्येक व्यक्ति को बाहर भेजने के लिए 19 लाख रुपए में बात तय की।
आरोपियों ने अलग-अलग समय में उससे सभी के दस्तावेज और 20 लाख 64 हजार रुपए ले लिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे सभी को एक-दो माह के अंदर पीटीई करवा विदेश भेज देंगे। आरोपियों ने उसको सभी बच्चों की नकली पीटीई करवाकर दे दी। जांच पड़ताल की तो पता लगा कि उनके पास आए पीटीई व ऑफर लेटर झूठे व फर्जी हैं। इस बारे में उसने आरोपियों से बातचीत करनी चाही तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और उन सभी के नंबर ब्लैक लिस्ट में डाल दिए। ऐसा करके आरोपियों ने उनके साथ 20 लाख 64 हजार रुपए की धोखाधड़ी की। दो-तीन अन्य आरोपियों ने भी धोखाधड़ी में आरोपियों का साथ दिया। जांच अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें - Faridabad : नागरिक अस्पताल से बच्चा चुराकर महिला फरार, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS