खेलो इंडिया यूथ गेम्स : हरियाणा व महाराष्ट्र के बीच पदकों के लिए पहले व दूसरे स्थान के लिए लगी होड़

हरियाणा के पंचकूला में ताऊ देवी लाल खेल परिसर में चल रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 की पदक तालिका के शुरुआती रूझानों से लगता है कि हरियाणा व महाराष्ट्र के बीच पहले व दूसरे स्थान के लिए होड लग गई है। एक के बाद एक दोनों राज्यों के खिलाड़ी पदक तालिका में अपने राज्यों का स्थान ऊपर ले जा रहे हैं।10 गोल्ड सहित 31 मेडलों के साथ हरियाणा पदक तालिका में नंबर एक पर पहुंच गया है। हरियाणा के खाते में 10 गोल्ड, 8 सिल्वर और 13 कांस्य पदक हैं। वहीं महाराष्ट्र भी 9 गोल्ड सहित 21 पदकों के साथ तालिका में दूसरे स्थान पर बना हुआ है।
चौथे दिन कबड्डी मैच में हरियाणा की लड़कियों ने सबसे पहले फाइनल में जगह बनाई। पहले सेमीफाइनल में हरियाणा ने आंध्र प्रदेश को एक तरफा मुकाबले में 50-15 अंकों से हराकर हरियाणा की छोरियों ने कमाल कर दिखाया। दर्शकों ने भी हौसला अफजाई में कोई कमी नहीं छोड़ी। दूसरा सेमीफाइनल महाराष्ट्र और तमिलनाडु के बीच होगा। इसी प्रकार, लडक़ों के कबड्डी मैच में उत्तर प्रदेश ने महाराष्ट्र को 41 के मुकाबले 37 अंकों से हराया।
वॉलीबॉल के सेमीफाइनल मुकाबले आरंभ
लडक़ों का वॉलीबॉल का पहला सेमीफाइनल मुकाबला आज राजस्थान व हरियाणा और दूसरा तमिलनाडु व गुजरात के बीच होगा जबकि लड़कियों के पहले सेमीफाइनल में हरियाणा व गुजरात की टक्कर होगी।
कुश्ती के मुकाबलों में हरियाणा की फिर शानदार शुरुआत हुई
61 किलो भार वर्ग में हरियाणा की सविता ने उत्तराखंड की वंशिका गोसाई को 10-0 से हराया। मध्य प्रदेश की रेखा जाट ने गुजरात की मीनाबेन पटेल को 10-2 से हराया जबकि दिल्ली की निकिता ने हिमाचल प्रदेश की खुशी ठाकुर को हराकर अगले राउंड में प्रवेश किया।
शैटलर उन्नति हुड्डा - फिर एक बार चर्चा में
वहीं बैडमिंटन के एकल मुकाबले में थॉमस कप में भारत की टीम का प्रतिनिधित्व करने वाली सबसे कम उम्र की खिलाड़ी उन्नति हुड्डा ने अपना पहला मुकाबला जीतकर अगले राउंड में प्रवेश किया। उल्लेखनीय है कि थॉमस कप जीतने के बाद भारतीय टीम के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खास बातचीत में उनसे पूछा था कि आप टीम में सबसे कम आयु की खिलाड़ी थी, किस प्रकार आप ने बड़ी आयु के खिलाडिय़ों के साथ तालमेल बिठाया। हरियाणा में ऐसा क्या है कि यहां के खिलाड़ी बड़े से बड़ा मेडल लेकर आते हैं तो उन्नति हुडडा का जवाब था सर, एक तो दूध दही का खाना और दूसरा आप मेडल जीतकर लाने वाले व मेडल न लाने वाले खिलाडिय़ों में फर्क नहीं करते।
थांग ता खेल में हरियाणा को मिला कांस्य पदक
हरियाणा की थांग ता की खिलाड़ी ने कांस्य पदक हासिल किया।थांग ता की प्रतियोगिता में अंडर 18 के गर्ल्स वर्ग में हरियाणा की प्रीति ने कांस्य पदक प्राप्त किया है। इस वर्ग में मणिपुर की कोंजेंगबम थाजा चानू ने गोल्ड लिया जबकि जम्मू एवं कश्मीर की सायरा जहूर ने सिल्वर पदक प्राप्त किया।
हरियाणा को मिला योगासन में गोल्ड मेडल
हरियाणा के योग खिलाडिय़ों ने आर्टिस्टिक ग्रुप योगासन के अंडर 18 के लडकों के वर्ग में गोल्ड मेडल हासिल किया।आर्टिस्टिक ग्रुप योगासन में लडक़ों के अंडर 18 वर्ग में आज हरियाणा की टीम 120.99 अंकों के साथ प्रथम रही। इस प्रतियागिता में हरियाणा ने महाराष्ट्र की टीम को पछाड़ दिया। हरियाणा की योगासन टीम में रोहित कुमार, सागर राणा, जीतू, गौरव, प्रभात कुमार शामिल रहे। इस वर्ग में दूसरे नंबर पर महाराष्ट्र रहा, जिसने कुल 118.5 अंक प्राप्त किए और वेस्ट बंगाल ने तीसरा स्थान हासिल किया, जिसने 115.16 अंक प्राप्त किए। तमिलनाडु 112.54 अंक के साथ चौथे स्थान पर और त्रिपुरा 108.6 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर रहा।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS