भव्य आगाज : खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 का मस्कट, लोगो, जर्सी और थीम गीत लॉन्च

भव्य आगाज : खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 का मस्कट, लोगो, जर्सी और थीम गीत लॉन्च
X
लॉन्चिंग सेरेमनी में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में केंद्रीय खेल, युवा मामले और सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर शामिल हुए।

पंचकूला के इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में शनिवार को खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 के चौथे सीजन का शानदार और भव्य आगाज हुआ। इस लॉन्च कार्यक्रम में खेलो इंडिया यूथ गेम्स का शुभंकर (मस्कट), लोगो, जर्सी और थीम गीत भी लॉन्च किया गया। लॉन्चिंग सेरेमनी में मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में केंद्रीय खेल, युवा मामले और सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर शामिल हुए।


इस अवसर पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि ये कार्यक्रम बहुत इंतजार के बाद आया है। कोरोना महामारी के कारण तीन बार इसकी तिथियां स्थगित हुईं। अब इन खेलों का नया आगाज हो रहा है। उन्होंने बताया कि 4 जून से खेल शुरू होंगे, जिसके लिए उल्टी गिनती शुरू हो गई है। मनोहर लाल ने कहा कि सामूहिक ताकत लगाकर यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। देश के हर प्रांत के खिलाड़ी इसमें हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि हम खिलाड़ियों की मेजबानी करने के लिए तैयार हैं। सब व्यवस्थाएं हो चुकी हैं। हमें इतंजार है खिलाड़ियों का, हम खिलाड़ियों के स्वागत के लिए पलके बिछाएं बैठे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि इन खेलों के आयोजन हेतु करोड़ों रुपये की लागत से ताऊ देवीलाल खेल परिसर, पंचकूला में हॉकी एस्ट्रोटर्फ, वॉलीबॉल इन्डोर हॉल व बास्केटबॉल इन्डोर हॉल का निर्माण करवाया गया है। सिंथैटिक एथलैटिक्स ट्रैक, बैडमिंटन हॉल आदि का नवीनीकरण करवाया गया है। अम्बाला में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के इन्डोर स्वीमिंग पूल का निर्माण भी किया गया है।


हरियाणा में पदक विजेता खिलाड़ियों को सर्वाधिक नकद पुरस्कार राशि

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है, जो पदक विजेता खिलाड़ियों को सर्वाधिक नकद पुरस्कार राशि देता है। हमने ओलंपिक खेलों में स्वर्ण पदक विजेता को 6 करोड़ रुपये, रजत पदक विजेता को 4 करोड़ रुपये और कांस्य पदक विजेता को 2.5 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार का प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि मेडल विजेता के लिए इनाम में दुनिया के कई देशों से हम आगे हैं। श्री मनोहर लाल ने कहा कि जितने भी खेल के टूर्नामेंट हुए हैं, एशियन खेल, कॉमनवेल्थ या ओलंपिक सभी में हरियाणा की भूमिका अहम है। उन्होंने कहा कि हम हमारी भूमिका बेहतरी से निभाएंगे ताकि हमारा देश दुनिया में परचम लहरा सके।


खिलाड़ियों का सबसे बड़ा दल हरियाणा में होने वाले इन खेलों में आ रहा है, जो गर्व की बात है : केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर

इस अवसर पर केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल का धन्यवाद करते हुए कहा कि आज का यह लॉन्च कार्यक्रम शुभंकर की तरह ही धाकड़ है। उन्होंने कहा कि चाहे खेलों के आयोजन की बात हो, जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं को तराशने या अधिक से अधिक मेडल जीतने की बात हो, इन सभी मामलों में हरियाणा हमेशा देश में नंबर वन रहा है।उन्होंने कहा कि अभी तक खेलो इंडिया यूथ गेम्स के तीन संस्करणों का आयोजन किया गया है और हरियाणा में यह चौथ संस्करण आयोजित हो रहा है और खिलाड़ियों का सबसे बड़ा दल हरियाणा में होने वाले इन खेलों में आ रहा है, जो गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि हरियाणा भौगोलिक दृष्टि से भले ही छोटा प्रात है, लेकिन ओलंपिक में जाने वाले खिलाड़ियों के दल में 25 प्रतिशत यानी 30 खिलाड़ी हरियाणा से थे। हरियाणा ने सर्वाधिक पदक जीतने में मील का पत्थर स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि हरियाणा इस ऐतिहासिक आयोजन को बड़ी सफलता से पूर्ण करेगा। इस अवसर पर हरियाणा उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला , विधानसभा स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता , खेल व युवा मामले राज्य मंत्री संदीप सिंह, मुख्य सचिव श्री संजीव कौशल और केंद्र व राज्य सरकार के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

आयोजन 4 जून से

'खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021' का आयोजन 4 जून से 13 जून, 2022 तक राज्य सरकार और भारतीय खेल प्राधिकरण (साई), केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्रालय द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। इस भव्य आयोजन में 25 तरह के खेल आयोजित होंगे, जिनमें पांच पारंपरिक खेल जैसे गतका, कलारीपयट्टू, थांग-ता, मलखंब और योगासन शामिल हैं। ये खेल पांच स्थानों पंचकूला, अंबाला, शाहबाद, चंडीगढ़ और दिल्ली में आयोजित होंगे। खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 में 8,000 से अधिक एथलीट्स भाग लेंगे। इसके अलावा लाखों दर्शक इन खेलों के गवाह बनेंगे।

Tags

Next Story