कांग्रेस को किसी भी समय बाय-बाय कर सकते हैं कुलदीप बिश्नोई ! सभी क्षेत्रों में जानेंगे कार्यकर्ताओं की राय

सुरजमल सहारण : कैथल
कांग्रेस राष्ट्रीय कार्य समिति सदस्य एवं विधायक कुलदीप बिश्नोई किसी भी समय कांग्रेस पार्टी का एक बार फिर दामन छोड़ सकते हैं। हजकां से कांग्रेस वापसी के बाद वे सहज महसूस नहीं कर रहे। क्याेंकि संगठन के प्रति वफादारी रखने के बाद भी उन्हें नेताओं से बड़े धोखे मिल रहे हैं। कांग्रेस में चल रही इस प्रकार की असामान्य स्थिति का दर्द शनिवार को कलायत विधानसभा के गांव बात्ता में आयोजित कार्यकर्ता बैठक में छलका।
कुलदीप बिश्नोई समन्वय समिति प्रांतीय अध्यक्ष योगेंद्र नाथ मल्होत्रा समिति सदस्यों के साथ कलायत विधानसभा से प्रत्याशी रहे विनोद निर्मल की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं से विमर्श के लिए पहुंचे थे। राज्य के 17 जिलों का दौरा कर चुकी समन्वय समिति पदाधिकारियों की भाव भंगिमा कलायत की धरती पर पूरी तरह बदली-बदली दिखी। कांग्रेस में बिश्नोई के वजूद का गुणगान करने वाले कार्यकर्ता पार्टी से रूठे-रूठे नजर आए। मल्होत्रा ने कांग्रेस के कई नेताओं के नाम लिए बिना बड़े राजनैतिक हमले किए।
उन्हाेंने कहा कि जो हश्र पंजाब में कांग्रेस का हुआ उससे यह साफ हो चुका है कि पार्टी को अब ड्राइंग रूम की राजनीति छोड़कर धरातल से जुडे़ नेताओं की पहचान करनी होगी। समिति ने बिश्नोई को मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित किया। इस पर विनोद निर्मल की अगुवाई में कलायत विधानसभा के गांव-गांव से आए कार्यकर्ताओं ने अपनी सहमति की मोहर लगाई। प्रांतीय समन्वय समिति अध्यक्ष ने कहा कि राज्य में भाजपा सरकार को लाने में बिश्नोई का बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 में पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय भजन लाल के चेहरे पर कांग्रेस में हरियाणा में चुनाव लड़ा। इसमें कांग्रेस को बहुमत मिला। पार्टी गलती कर बैठी। यही कारण रहा कि कांग्रेस को पुन: कुलदीप बिश्नोई को अपनाना पड़ा। लेकिन जिस सम्मान के वे पार्टी में हकदार रहे वह उन्हें नहीं मिला।
गांधी परिवार के पढ़े कसीदे अन्य पर सियासी हमले
मार्च माह में कुलदीप बिश्नोई राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करने जा रहे हैं। इस दौरान जलपान कार्यक्रमों के माध्यम से वे कार्यकर्ताओं और आम लोगों से संवाद स्थापित करेंगे। जमीनी स्तर पर राजनीति में क्या चल रहा है? इसका आंकलन करने के लिए समन्वय समिति नेता कलायत पहुंचे। कलायत में यकायक जिस प्रकार सोनिया गांधी और राहुल गांधी के कसीदे पढ़ते हुए अन्य नेताओं की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए उससे समिति के लोग एक तीर से कई निशाने साधते दिखे। बिश्नोई को प्रांतीय अध्यक्ष जैसी अहम जिम्मेवारी न मिलने का मलाल उनमें था। इसके साथ ही मुख्यमंत्री के रूप में वे बिश्नोई का चेहरा प्रस्तुत करने की कवायद में लगे हैं।
कलायत से जन संपर्क अभियान के आगाज की तैयारी
हरियाणा प्रदेश में मार्च माह में शुरू होने वाले कुलदीप बिश्नोई के जन संपर्क अभियान की पहल कलायत की धरती से करने की तैयारी है। परिणामस्वरूप बिश्नोई टीम से लंबे समय तक विनोद निर्मल की मौजूदगी में समन्वय समिति पदाधिकारियों ने घंटों मंत्रणा की। इसके साथ ही कलायत विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं का पूरा ब्यौरा जुटाते समिति पदाधिकारी नजर आए।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS