Kumari Selja का बड़ा दांव : ऐलनाबाद से भाजपा की टिकट पर दो बार चुनाव लड़ चुके पवन बैनिवाल कांग्रेस में शामिल

चंडीगढ़। हरियाणा प्रदेश में कांग्रेस पार्टी को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सोमवार को प्रदेश के कई कद्दावर नेताओं ने हरियाणा कांग्रेस प्रभारी विवेक बंसल और हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा की मौजूदगी में नई दिल्ली स्थित भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के मुख्यालय में कांग्रेस पार्टी का दामन थामा। इस अवसर पर एक प्रेस वार्ता का भी आयोजन किया गया।
कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वाले नेताओं में ऐलनाबाद से भाजपा प्रत्याशी रहे पवन बेनीवाल, भाजपा से हिसार लोकसभा टिकट के दावेदार रहे उद्यमी अशोक गोयल मंगालीवाला, पूर्व सांसद तारा सिंह के पुत्र और इनेलो नेता कंवलजीत सिंह उर्फ़ प्रिंस शामिल रहे। इस दौरान हरियाणा कांग्रेस प्रभारी विवेक बंसल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का जनाधार दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। आज भी प्रदेश के कई कद्दावर नेता कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए हैं। इन सभी का मैं हार्दिक स्वागत करता हूं।
वहीं इस दौरान हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि वह आज कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए तीनों नेताओं का हार्दिक स्वागत करती हैं। मुझे विश्वास है कि आज शामिल हुए सभी नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएंगे और कांग्रेस पार्टी को हर स्तर पर मजबूत करेंगे। कुमारी सैलजा ने कहा कि आज प्रदेश सरकार में शामिल लोगों की हिम्मत नहीं है कि वह जनता के बीच जा सकें। प्रदेशवासी इस सरकार से जल्द से जल्द छुटकारा चाहते हैं। आज हर वर्ग की पसंद कांग्रेस पार्टी है। यही कारण है कि कांग्रेस पार्टी का जनाधार दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। प्रदेश में जब भी चुनाव होंगे कांग्रेस पार्टी ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।
कुमारी सैलजा ने कहा कि हरियाणा प्रदेश बेरोजगारी के मामले में पूरे देश में प्रथम स्थान पर बना हुआ है। आए दिन घोटाले सामने आ रहे हैं। सरकार आए दिन किसान विरोधी फैसले ले रही है। किसान पिछले नौ महीनों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। मगर यह सरकार उनकी आवाज को दबाने के लिए लगातार दमनकारी नीतियां अपना रही है। सरकार शांतिपूर्ण आंदोलन का जवाब लाठियों से दे रही है। आज महंगाई सारे रिकॉर्ड तोड़ चुकी है। आज प्रदेशवासी भाजपा-जजपा सरकार के कुशासनकाल में पूरी तरह से दुखी हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS