कुरुक्षेत्र : कच्चे मकान की छत गिरने से पंजाब के पति-पत्नी की मौत, रिश्तेदार के भोग में आया था दंपती

हरिभूमि न्यूज : पिहोवा ( कुरुक्षेत्र )
पिहोवा की सरस्वती खेड़ा कॉलोनी में कच्चे मकान की छत के नीचे दबने से दंपती की मौत हो गई। दंपती पंजाब के पटियाला जिला के गांव बहादुरगढ़ के रहने वाले थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। पंजाब के रहने वाले जोगा सिंह व उसकी पत्नी गांव सरस्वती खेड़ा में हरभजन सिंह की माता के भोग पर आए हुए थे। कॉलोनी के लोगों ने बताया कि यहां रहने वाले हरबंस सिंह की माता की पिछले दिनों मृत्यु हो गई थी। जिनकी आत्मिक शांति के लिए शुक्रवार को भोग एवं अंतिम अरदास रखी गई थी।
इसी में शामिल होने के लिए बहादुरगढ़ पटियाला पंजाब से हरबंस के रिश्तेदार जोगा सिंह ( 50 ) और उसकी पत्नी पम्मी ( 45) आए हुए थे। जो भोग से एक दिन पहले शाम लगभग सात बजे ही यहां पहुंच गए थे।हरबंस के मुताबिक रात को उन्होंने खाना खाया और कमरे में सो गए। सुबह छह बजे के करीब अचानक तेज आवाज आई। जब उन्होंने उठकर देखा तो मकान की छत का मलबा जोगा सिंह और उसकी पत्नी की चारपाई पर गिरा हुआ था और वे दोनों उसके नीचे दब चुके थे। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मदद के लिए मौके पर पहुंच गए और कुछ ही देर में मलबे से उन्हें निकाल लिया।
जिसके बाद दोनों को सरस्वती मिशन अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कॉलोनी के लोगों ने बताया कि हरबंस की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है, ऐसे में वह गारे से बने लकड़ी के जर्जर मकान में रह रहा था। तेज बरसात के कारण छत भी बुरी तरह से जर्जर हो चुकी थी। लेकिन हरबंस को इस बात का कतई अंदाजा नहीं था कि यह जर्जर छत उसकी साली और साढु का काल बन जाएगी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS